सुजोक एवं एक्यूप्रेशर से श्री अमरापुर सेवा घर में
निःशुल्क कार्यशाला से वृद्धाजनों को दिया लाभ
अजमेर, ताराचंद हुंदलदास खानचंदानी सेवा संस्थान द्वारा संचालित श्री अमरापुर सेवा घर प्रगति नगर, कोटड़ा, अजमेर परिसर में वृद्धाश्रम के आवासियों, ट्रस्टियों एवं आमजन के लिए निःशुल्क सुजोक एवं एक्यूप्रेशर स्वास्थ्य जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक एवं सरल चिकित्सा पद्धतियों से परिचित कराते हुए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना था।
संस्था के अध्यक्ष कंवल प्रकाश किशनानी ने बताया कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण अनेक लोग छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में सुजोक एवं एक्यूप्रेशर जैसी सुरक्षित, सरल और प्रभावी तकनीकों की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचना आवश्यक है। संस्था का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक स्वास्थ्य जागरूकता के ऐसे कार्यक्रम पहुँचें, जिससे लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
कार्यशाला में वैलबिंग हीलिंग हब की विशेषज्ञ प्रशिक्षक संगीता एम. साधवानी ने सुजोक एवं एक्यूप्रेशर के माध्यम से आत्मनिर्भर स्वास्थ्य तकनीक विषय पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि परेश्वर ने मनुष्य की हथेली पर ही बीमारियों का ईलाज दिया है। हाथों एवं पैरों में शरीर के सभी अंगों से जुड़े ऊर्जा बिंदु होते हैं, जिन पर सही तरीके से दबाव देने से शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता सक्रिय होती है और अनेक सामान्य रोगों में राहत मिल सकती है व प्रकृति द्वारा दिए गए फल काली मिर्च, लोंग, दालें इत्यादि से हथेली व उंगलियों के पॉइन्ट दबाकर ईलाज सम्भव है।
उन्होंने प्रतिभागियों को सिरदर्द, माइग्रेन, गर्दन एवं कमर दर्द, घुटनों की तकलीफ, तनाव, अनिद्रा, पाचन संबंधी समस्याओं तथा दैनिक जीवन में होने वाली अन्य सामान्य स्वास्थ्य परेशानियों के लिए उपयोगी सुजोक एवं एक्यूप्रेशर तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वयं इन तकनीकों का अभ्यास किया तथा विशेषज्ञ से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। संगीता एम. साधवानी ने कहा कि नियमित अभ्यास से व्यक्ति अपने स्वास्थ्य की प्राथमिक देखभाल स्वयं कर सकता है। यह पद्धति न केवल सरल और सुरक्षित है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक है। कार्यशाला में वृद्धाश्रम के आवासियों ने विशेष उत्साह के साथ भाग लिया। ट्रस्टियों एवं आमजन ने भी प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में आवासियों व संस्था की ओर से प्रशिक्षक संगीता एम. साधवानी का सम्मान किया गया। महासचिव हरी चंदानी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य, सेवा एवं जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी, ताकि समाज के अधिकाधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। शिविर में चन्दर नौतानी, जगदीश अभीचदानी, रमेश मेघानी, रमेश टिलवानी, सुशील भागचंदनानी मुकेश चौयल सहित क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
हरी चन्दनानी
मो. 096497-50811