नगर निगम चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशियों की स्क्रीनिंग अंतिम दौर में, जल्द होगा नामों का ऐलान — रूबी खान

3000 से अधिक दावेदारों पर गहन मंथन, हर वार्ड से तीन-तीन नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजे जाएंगे

इस बार टिकट नहीं, जीत की क्षमता और जनता के बीच पकड़ होगी सबसे बड़ा पैमाना — कांग्रेस

अजमेर। नगर निगम चुनाव को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अब पूरी तरह चुनावी मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची की स्क्रीनिंग अंतिम दौर में पहुंच चुकी है और जल्द ही वार्डवार प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम फैसला होने जा रहा है। अगले एक-दो दिन में प्रत्येक वार्ड से वरीयता क्रम में तीन-तीन नामों का पैनल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा। इसके बाद प्रदेश नेतृत्व की अंतिम मुहर के साथ कांग्रेस प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी की जाएगी।

अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की सह प्रभारी एवं प्रदेश सचिव रूबी खान के नेतृत्व में शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल, आरटीडीसी के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, अजमेर उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व शहर अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता तथा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस प्रत्याशी एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली ने बैठक कर नगर निगम के प्रत्येक वार्ड की राजनीतिक स्थिति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर विस्तार से मंथन किया।

बैठक में 3000 से अधिक दावेदारों के नामों पर गंभीरता से विचार किया गया। प्रत्येक वार्ड में प्रत्याशी की जनता के बीच पकड़, संगठन के प्रति निष्ठा, राजनीतिक सक्रियता, सामाजिक स्वीकार्यता, जमीनी संघर्ष, वार्ड की समस्याओं की समझ और चुनाव जीतने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया जा रहा है।

हर वार्ड से तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा और अंतिम निर्णय प्रदेश नेतृत्व करेगा।

वार्ड-वार्ड भाजपा को सीधी चुनौती देगी कांग्रेस

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिए महज पार्षद चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि अजमेर की बदहाल व्यवस्थाओं के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने का निर्णायक संघर्ष है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर आम जनता में नाराजगी है। सड़कें बदहाल हैं, सफाई व्यवस्था सवालों के घेरे में है, नालियां और सीवरेज की समस्याएं बनी हुई हैं, पेयजल को लेकर जनता परेशान है, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों की स्थिति खराब है तथा विकास कार्यों में जनता जवाब मांग रही है।

गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर वार्ड-वार्ड जनता के बीच जाएगी और भाजपा के लंबे नगर निगम शासन का पूरा हिसाब जनता के सामने रखेगी।

उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस का टिकट किसी की सिफारिश, रसूख या केवल बड़े नाम के आधार पर नहीं, बल्कि उस कार्यकर्ता को मिलेगा जो जनता के बीच खड़ा रहा है, जिसने वार्ड की समस्याओं के लिए संघर्ष किया है और जिसे आम नागरिक अपना प्रतिनिधि मानता है।

3000 से अधिक दावेदार, लेकिन टिकट उन्हीं को जो जीत का दम रखते हैं

शैलेश गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस के पास इस बार बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। 3000 से अधिक दावेदारों में से मजबूत और जिताऊ टीम तैयार करना अपने आप में बड़ी जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी वार्ड में कमजोर प्रत्याशी उतारकर चुनाव को आसान नहीं बनाएगी। हर सीट पर भाजपा को कड़ी चुनौती देने वाला प्रत्याशी उतारना कांग्रेस का लक्ष्य है।

उन्होंने स्पष्ट कहा, “कांग्रेस में टिकट मांगना आसान हो सकता है, लेकिन टिकट उसी को मिलेगा जो जनता का विश्वास जीतने और चुनाव जीतने की क्षमता रखता हो।”

80 वार्डों में मजबूत संगठनात्मक टीम उतारने की तैयारी

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि अजमेर नगर निगम के 80 वार्डों में मजबूत संगठनात्मक टीम खड़ी करने की तैयारी है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों को लेकर मजबूत संघर्ष करना और नगर निगम में जवाबदेह व्यवस्था स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि अजमेर की जनता अब केवल चुनावी वादे नहीं चाहती। जनता को सड़क, सफाई, पानी, रोशनी, यातायात, पार्क और मूलभूत सुविधाओं पर ठोस काम चाहिए। कांग्रेस इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस लगाएगी अंतिम मुहर

गुप्ता ने बताया कि स्थानीय स्तर पर वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रत्याशियों को लेकर विचार-विमर्श लगभग अंतिम चरण में है। वार्डवार तीन-तीन नामों की सूची तैयार कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी। प्रदेश नेतृत्व प्रत्याशियों की राजनीतिक क्षमता, संगठनात्मक योगदान, जनाधार और जीत की संभावनाओं को देखते हुए अंतिम निर्णय करेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची अब ज्यादा दूर नहीं है। प्रदेश मुख्यालय को पैनल भेजे जाने के बाद जल्द ही अधिकृत प्रत्याशियों के नाम सामने आएंगे।

“अबकी बार मुकाबला सिर्फ चुनाव का नहीं, अजमेर के भविष्य का है”

शैलेश गुप्ता ने कहा कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। अब मुकाबला केवल पार्षदों का नहीं, बल्कि अजमेर के विकास, जनता के सम्मान और नगर निगम की जवाबदेही का है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अगर 36 वर्षों के शासन का दावा किया है तो कांग्रेस इस चुनाव में जनता के सामने उन 36 वर्षों का हिसाब मांगने के लिए तैयार है। अजमेर की जनता तय करेगी कि उसे केवल सत्ता चाहिए या ऐसा नगर निगम चाहिए जो वास्तव में जनता के बीच खड़ा हो।

कांग्रेस तैयार है, कार्यकर्ता तैयार हैं और अब जनता की अदालत में फैसला होगा।

शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी
6375920300

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!