अभियान के प्रभावी संचालन एवं पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर
अजमेर, 24 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के संबंध में जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने गुरूवार को वीसी के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। बैठक में अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, प्रगति तथा आमजन को उपलब्ध कराए जा रहे लाभों की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि जनसेवा, सुशासन और आमजन की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकसित भारत जन सेवा अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इस एक माह लंबे अभियान के तहत कुल 12 प्रमुख गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के अन्तर्गत शहरी क्षेत्रों में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पंचायत समिति मुख्यालय पर आयोजित हो रहे शिविरों एवं गिरदावर सर्किल मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले शिविरों के दौरान आमजन को विभिन्न केन्द्रीय एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाए। लाभार्थियों की पहचान करें। पात्र लाभार्थियों का पंजीयन एवं लाभान्वित करने का कार्य भी किया जाना चाहिए।
बैठक में अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए दैनिक समीक्षा, प्रगति रिपोर्टिंग, फोटो एवं वीडियो डॉक्यूमेंटेशन तथा नियमित सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं। सफलता की कहानियों और उपलब्धियों का स्थानीय मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने उपखण्ड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र एवं वंचित लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। ग्रामीण सेवा शिविरों में लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता देकर निपटाया जाए। उन्होंने विभागों के मध्य बेहतर समन्वय के साथ अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रकरणों एवं आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। फील्ड स्तर पर अभियान की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए। अधिकारियों ने अभियान की अब तक की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राम प्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल एवं श्रीमती वन्दना खोरवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।