वरिष्ठ साहित्यकार आशा पाण्डेय ओझा ‘आशा’ को मिलेगा गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार

उदयपुर। वरिष्ठ साहित्यकार एवं त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान, उदयपुर की संस्थापक-अध्यक्ष आशा पाण्डेय ओझा ‘आशा’ का चयन प्रतिष्ठित ‘गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार’ के लिए किया गया है। यह सम्मान ‘बालवाटिका’ मासिक की ओर से आयोजित 27वीं राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह-2026 में प्रदान किया जाएगा।
‘बालवाटिका’ के संपादक व कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ साहित्यकार  डॉ. भैरूंलाल गर्ग ने बताया कि दो दिवसीय राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को विनायक विद्यापीठ, भुनास, जिला-भीलवाड़ा (राजस्थान) में किया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए बाल साहित्यकारों की सहभागिता रहेगी तथा चयनित साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। आशा पाण्डेय ओझा को सम्मान के साथ ₹11,000 की सम्मान राशि, स्मृति चिह्न, शॉल एवं श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
आशा पाण्डेय ओझा पिछले चार दशकों से साहित्य-सृजन में सक्रिय हैं। उनकी विविध विधाओं में अब तक 13 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी रचनाएँ 40से अधिक साझा काव्य/साहित्यिक संकलनों में प्रकाशित हुई हैं। उनकी अनेक रचनाओं का, उर्दू,पंजाबी,उड़िया गुजराती,भोजपुरी, नेपाली सहित कई भाषाओं में अनुवाद भी हो चुका है। साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा 200 से अधिक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
आशा पाण्डेय ओझा ने देश-विदेश में आयोजित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक संगोष्ठियों, सम्मेलनों एवं साहित्यिक आयोजनों में सक्रिय सहभागिता की है। बाल साहित्य, कविता, गीत ग़ज़ल साक्षात्कार, छंद, कहानी, सहित साहित्य की विभिन्न विधाओं में निरंतर लेखन करते हुए उन्होंने साहित्यिक गतिविधियों के साथ-साथ साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में संस्थागत स्तर पर भी उल्लेखनीय कार्य किया है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!