तारागढ़ पर फिर से जीवित होगा सम्राट पृथ्वीराज चौहान का शौर्य

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने की तारागढ़ विकास पर चर्चा

विकास कार्यों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा,परकोटे से लेकर तारागढ़ संपर्क मार्ग तक होगा संरक्षण एवं विकास

संभागीय आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, निगम एवं एडीए आयुक्त के साथ बैठक

     अजमेर, 7 अक्टूबर। अजमेर की ऎतिहासिक पहचान और चौहान शासकों के गौरव से जुड़े तारागढ़ क्षेत्र को लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। यहां चौहान सम्राटों की आदमकद प्रतिमाएं, गार्डन, म्यूजियम, पार्किंग, कैफे सहित विभिन्न पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएगी। ऎतिहासिक संरचनाओं एवं धरोहरों के संरक्षण के साथ क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

     विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को सर्किट हाउस में तारागढ़ विकास से संबंधित बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला सहित नगर निगम एवं अजमेर विकास प्राधिकरण के आयुक्त तथा अन्य अधिकारियों के साथ प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

     श्री देवनानी ने कहा कि तारागढ़ केवल एक ऎतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि अजमेर की आन, बान और शान तथा सम्राट अजयपाल एवं सम्राट पृथ्वीराज चौहान के गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। इस क्षेत्र का विकास उसकी ऎतिहासिक गरिमा और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बजट घोषणा के तहत लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से तारागढ़ क्षेत्र में संरक्षण एवं विकास कार्य करवाए जाएंगे।

     उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परकोटे से लेकर तारागढ़ संपर्क मार्ग, पुराने भवनों, ऎतिहासिक संरचनाओं, प्राचीन अवशेषों एवं शिलालेखों के संरक्षण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि तारागढ़ क्षेत्र का विकास विस्तृत सर्वे प्लान के आधार पर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित रूप से किया जाए। सम्राट अजयपाल एवं सम्राट पृथ्वीराज चौहान सहित अन्य चौहान शासकों से जुड़े इतिहास एवं उपलब्ध पुरातात्विक सामग्री को चिन्हित कर संरक्षित करने के साथ आमजन और पर्यटकों तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं।

     श्री देवनानी ने कहा कि परियोजना के माध्यम से तारागढ़ को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ अजमेर के गौरवशाली इतिहास को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर विकास कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

     संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने बताया कि तारागढ़ विकास योजना के अंतर्गत जीर्णाेद्धार, म्यूजियम, पार्क, पार्किंग, कैफे एवं अन्य पर्यटन सुविधाओं से संबंधित प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं।

     इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण आयुक्त रश्मि रानी, नगर निगम आयुक्त श्री गौरव बुढानिया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!