अजमेर उत्तर के वार्ड 5 और 6 में 1.12 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ
पेयजल परियोजनाओं, गैस आधारित 132 केवी जीएसएस, साइंस पार्क, सैनिक स्कूल और खेल स्टेडियम सहित सैकड़ों-करोड़ों के निर्माण जारी
अजमेर, 12 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने सोमवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 और 6 में कुल 1 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा सड़क व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
श्री देवनानी ने वार्ड संख्या 5 में वरुण सागर रोड स्थित गणेश मंदिर के पास राज कॉलोनी होते हुए हाथीखेड़ा मार्ग तक 44 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य तथा हाथीखेड़ा मुख्य सड़क पर 41 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 6 की चामुंडा कॉलोनी में 27 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया। इन सभी कार्यों को सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास कार्य करवाकर समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। पिछले ढाई वर्षों में अजमेर में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 147 करोड़ रुपये की लागत से गैस आधारित 132 केवी सब-स्टेशन (जीएसएस) का निर्माण जारी है। वहीं, पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए करीब 270 करोड़ रुपये की महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
श्री देवनानी ने कहा कि दीपावली से पहले शहर के प्रमुख मार्गों पर हेरिटेज लाइटें और डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों पर आवश्यकता के अनुसार हाईमास्ट एवं मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। शहर के सभी 80 वार्डों में करीब 3 हजार नई स्ट्रीट लाइटें लगाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। त्योहारों के दौरान एलिवेटेड रोड के नीचे आकर्षक रोशनी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ और बेहतर पर्यटन स्थल बनाने के लिए प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। अशोक उद्यान से अंबेडकर चौराहे तक सौंदर्यीकरण के साथ शहर को रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार पर कार्य चल रहा है। वरुण सागर और चौरसियावास तालाब का सौंदर्यीकरण भी शीघ्र ही दीपावली तक पूरा हा जाएगा। तारागढ़ की ऎतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन विकास कार्य भी शुरू किए जा रहे हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि पंचशील में अत्याधुनिक साइंस पार्क, विद्यार्थियों के लिए चार मंजिला आधुनिक लाइब्रेरी तथा हाथीखेड़ा में बालिकाओं के लिए सैनिक स्कूल का निर्माण जारी है। युवाओं के रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए आईटी पार्क और माकड़वाली रोड पर खेल स्टेडियम भी निर्माणाधीन हैं।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, वार्ड 5 की पार्षद श्रीमती मंजू देवी, वार्ड 6 की पार्षद श्रीमती मीनाक्षी कच्छावा, श्री महेन्द्र रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।