गूंज गरबा महोत्सव में दिव्यांग बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा

दिव्यांग बच्चों की सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना मानवता की सराहनीय पहल : डॉ. ज्योत्स्ना रंगा
अजमेर, 19 अक्टूबर 2026। राजस्थान महिला कल्याण मण्डल द्वारा संचालित अदेत सेंटर, पंचशील में गूंज गरबा महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. ज्योत्स्ना रंगा, मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यक्रम अध्यक्ष श्रीमती दर्शना शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा), सहित अन्य अतिथियों ने दिव्यांग बच्चों के साथ माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री संदीप रांका (महाराजा ट्रेड लिंक), श्रीमती अनिता रांका (समाजसेविका), श्रीमती मोनिका डीडवानियां (अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल महिला संगठन), एडवोकेट श्री संदीप यादव, श्री विकास गुप्ता (समाजसेवी), श्रीमती रचना गुप्ता (समाजसेविका), हेमा बहन , श्री राकेश कुमार कौशिक तथा श्रीमती क्षमा आर. कौशिक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
दिव्यांग बच्चों की सामाजिक भागीदारी मानवता की सराहनीय पहल : डॉ. रंगा
मुख्य अतिथि डॉ. ज्योत्स्ना रंगा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गरबा महोत्सव में दिव्यांग बच्चों को शामिल कर उनकी सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना मानवता की एक सराहनीय पहल है। दिव्यांग बच्चों को गरबा करते हुए देखकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दिव्यांग बच्चों के सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास का प्रयास
संस्था के निदेशक श्री राकेश कुमार कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान महिला कल्याण मण्डल द्वारा दिव्यांग बच्चों के सामाजिक एवं आध्यात्मिक विकास, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से गूंज गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला।
गरबा नृत्य एवं वेशभूषा प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र
महोत्सव का मुख्य आकर्षण गरबा नृत्य एवं वेशभूषा प्रतियोगिताएँ रहीं। उत्कृष्ट गरबा नृत्य एवं सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त कर दिव्यांग बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बनाया।
गूंज गरबा महोत्सव में हेल्पिंग हैंड्स ग्रुप की ओर से श्रीमती मिनाली सक्सेना, श्री शोभा शर्मा एवं श्रीमती सुधा जी सहित सहयोगकर्ताओं ने पुरस्कार उपलब्ध करवाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पुरस्कार प्राप्त करने पर बच्चों में विशेष उमंग और खुशी देखने को मिली।
अतिथियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती क्षमा आर. कौशिक ने सभी अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
गूंज गरबा महोत्सव ने यह संदेश दिया कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा होती है। उचित अवसर, प्रोत्साहन और सहयोग मिलने पर दिव्यांग बच्चे भी अपनी क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं और सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!