अजमेर, 24 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत शनिवार को अजमेर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ एवं पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि ने विभिन्न स्थानों पर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान के दौरान शनिवार को अजमेर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। पंचायत समिति जेठाना, मांगलियावास, केसरपुरा, गोविन्दगढ़ एवं नांद के मतदान बूथों का अवलोकन किया। अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया।
अजमेर संभागीय आयुक्त श्री शक्ति सिंह राठौड़ ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का दौरा कर वहां संचालित मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान दलों से मतदान की स्थिति, व्यवस्थाओं तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही मतदान केन्द्रों पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों का भी निरीक्षण किया। मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार मानवीय संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान लोकतांत्रिक प्रक्रिया की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कतार प्रबंधन तथा शांतिपूर्ण मतदान के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक अजमेर रेंज डॉ. रवि ने मतदान केन्द्रों पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा कार्मिकों से सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की संभावना को देखते हुए सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण
नसीराबाद एवं सरवाड़ में मतदान व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों का लिया जायजा