विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने किया कार्यों का शुभारम्भ
अजमेर, 19 नवम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 51 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इन कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या से राहत मिलने के साथ क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने विधायक कोष से वार्ड संख्या 80 स्थित खाटू श्याम कॉलोनी की गली नम्बर एक में मंजू शर्मा वाली गली में 21 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ किया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 74 की साकेत कॉलोनी की विभिन्न क्षतिग्रस्त गलियों में 30 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्यों की शुरुआत की।
इस अवसर पर श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सड़क, नाली, विद्युत एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हमारा संकल्प जनसुविधाओं का निरंतर विकास और आमजन के जीवन को सुगम बनाना है। सड़कें किसी भी क्षेत्र की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़क व्यवस्था से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापार, शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच भी आसान होती है।
उन्होंने कहा कि गुरुवार को ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए गए हैं कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत 39 सड़कों का निर्माण कार्य दिसंबर माह के अंत तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से किए जाएं। निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
श्री देवनानी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। अजमेर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। पिछले ढाई वर्षों में शहर में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण तथा विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए जयपुर रोड पर नए जीएसएस का निर्माण करवाया जा रहा है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, जिला मंत्री श्री चन्द्रेश सांखला, पार्षद श्रीमती रूबी जैन एवं सुश्री काश्यपी सांखला, श्री सीताराम शर्मा, श्रीमती पुष्पा कंवर, श्री उम्मेद सिंह, श्री रोहित भाट, श्री छनेश धौलपुरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।