भाजपा सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए – कैलाश झालीवाल

पंचायत चुनाव में जनता ने कांग्रेस को दिया भारी समर्थन, सत्ता के अहंकार और खोखले दावों का जनता ने दिया जवाब
अजमेर, 20 नवंबर। राजस्थान के पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों के नतीजों ने भाजपा सरकार और उसके बड़े-बड़े दावे करने वाले मंत्रियों को जनता का स्पष्ट संदेश दे दिया है। सत्ता के अहंकार, खोखले वादों और केवल बयानबाजी से सरकारें नहीं चलतीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उसके दुख-दर्द को समझना और उसकी समस्याओं का समाधान करना पड़ता है। यह बात राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह-प्रभारी जिला भीलवाड़ा कैलाश झालीवाल ने पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन और भाजपा के कई प्रमुख नेताओं के परिवारों को मिली हार पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
झालीवाल ने कहा कि सीकर जिले में शहरी विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी शांति देवी और उनके दोनों बेटों की चुनाव में हार भाजपा सरकार के लिए एक गंभीर राजनीतिक संदेश है। इसके अलावा भाजपा के कई अन्य प्रमुख नेताओं के परिवारों को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इससे स्पष्ट है कि जनता अब सत्ता के प्रभाव और राजनीतिक रसूख से प्रभावित होने के बजाय अपने विवेक से फैसला कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री और नेता सत्ता के अहंकार में आम जनता की वास्तविक समस्याओं से दूर होते जा रहे हैं। महंगाई, बेरोजगारी, बिजली-पानी की समस्या और गरीब एवं मध्यम वर्ग पर बढ़ते आर्थिक बोझ ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि गरीब परिवारों के लिए घर का चूल्हा जलाना भी चुनौती बनता जा रहा है।
कैलाश झालीवाल ने कहा कि पंचायत चुनाव सीधे गांवों की जनता से जुड़े होते हैं। इन चुनावों में मतदाता अपने क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं, जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और सरकार के कामकाज के आधार पर अपना निर्णय लेते हैं। पंचायत चुनावों में कांग्रेस को मिल रहा समर्थन इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है और लोग अपनी समस्याओं का समाधान चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अब बड़े-बड़े भाषण देने और विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज का आत्ममंथन करना चाहिए। जनता को नारों और प्रचार की नहीं, बल्कि महंगाई से राहत, युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं, किसानों को उचित सहायता और गांवों के समग्र विकास की आवश्यकता है।
झालीवाल ने कहा कि जनता आज कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना कर रही है। कांग्रेस सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और विकास योजनाओं की बराबरी करना भाजपा सरकार के लिए आसान नहीं है। भाजपा के सत्ता के अहंकार और खोखले दावों का जवाब जनता ने अपने मताधिकार के माध्यम से दे दिया है। भाजपा को अब जनता के जनादेश को गंभीरता से लेते हुए आत्ममंथन करना चाहिए।
— कैलाश झालीवाल
सचिव एवं सह-प्रभारी, जिला भीलवाड़ा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी, राजस्थान

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!