श्री वर्द्धमान कन्या पीजी महाविद्यालय की छात्राओं ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर द्वारा आयोजित अंतरमहाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लहराया परचम, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया महाविद्यालय का गौरव
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने अंतरमहाविद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत एवं लगन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जैवलिन थ्रो स्पर्धा में रुखसाना बानो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। वहीं हाई जंप प्रतियोगिता में जय भारती ने कांस्य पदक हासिल कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। डिंपल रावत ने अपनी उत्कृष्ट खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए त्रिकूद एवं लॉन्ग जंप दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक प्राप्त किए। इसके अतिरिक्त 400×400 मीटर रिले रेस में बीना काठात, सोनिका, फरजाना एवं रुबिया बानो की टीम ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी।
छात्राओं की इस सफलता के पीछे महाविद्यालय की शारीरिक प्रशिक्षिका सीमा कंवर का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर विजेता छात्राओं एवं शारीरिक प्रशिक्षिका सीमा कंवर का महाविद्यालय परिवार की ओर से माल्यार्पण कर एवं मिठाई खिलाकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने छात्राओं की इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं के कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने छात्राओं की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, लगन एवं मेहनत के बल पर अंतरमहाविद्यालयी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।