अजमेर में लॉटरी का खेल या भाजपा की किस्मत? बराबर वोट के बाद हर बार भाजपा की जीत पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
पंचायत चुनाव में कांग्रेस की शानदार बढ़त से भाजपा में बौखलाहट, जनता ने दिया करारा जवाब – डॉ. राजकुमार जयपाल
धनबल, बाहुबल और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग के बावजूद कांग्रेस के पक्ष में ग्रामीण जनता का भरोसा कायम – जयपाल
अजमेर। राजस्थान में पंचायत चुनाव के परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में एक नया संदेश दिया है। कांग्रेस ने पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को कड़ी चुनौती दी है। इन परिणामों से स्पष्ट है कि ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस की पकड़ मजबूत बनी हुई है और जनता भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है।
यह बात अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने पंचायत चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
डॉ. जयपाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावों में धनबल, बाहुबल और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग सहित तमाम हथकंडे अपनाए, लेकिन राजस्थान की जागरूक जनता ने अपने मताधिकार के माध्यम से भाजपा को करारा जवाब दिया है। पंचायत चुनाव के परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि कांग्रेस आज भी आमजन, किसानों, मजदूरों और ग्रामीण जनता के दिलों में बसी हुई है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिला परिषद चुनावों में भी कांग्रेस ने कई क्षेत्रों में भाजपा को कड़ी चुनौती दी है। अजमेर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कांग्रेस का प्रदर्शन कई स्थानों पर बेहद मजबूत रहा है। अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर अपनी ताकत साबित की है।
लॉटरी के नाम पर बार-बार भाजपा की जीत, आखिर यह कैसा संयोग?
डॉ. जयपाल ने अजमेर के चुनावी इतिहास में बराबर मत आने के बाद लॉटरी से होने वाले परिणामों पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में लॉटरी एक निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया हो सकती है, लेकिन अजमेर में बार-बार ऐसे संयोग सामने आना जनता के मन में सवाल पैदा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में नगर निगम के चुनाव में धर्मेंद्र गहलोत और सुरेंद्र शेखावत के बीच बराबर मत आने के बाद लॉटरी की प्रक्रिया में भाजपा के धर्मेंद्र गहलोत विजयी हुए थे। हाल ही में अजमेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस के नौरत गुर्जर और भाजपा के हेमंत सांखला के बीच बराबर मत आने के बाद लॉटरी से हेमंत सांखला विजयी हुए।
अब जिला परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 28 से कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश गुर्जर और भाजपा प्रत्याशी को बराबर मत मिलने के बाद लॉटरी की प्रक्रिया में कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश गुर्जर को हार का सामना करना पड़ा और भाजपा प्रत्याशी विजयी घोषित हुए।
डॉ. जयपाल ने सवाल उठाया कि आखिर अजमेर में जब भी बराबर वोट आते हैं तो लॉटरी का परिणाम भाजपा के पक्ष में ही क्यों जाता है? क्या यह महज संयोग है या इसके पीछे कोई ऐसी व्यवस्था है जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए? लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान सर्वोपरि है। इसलिए इन सभी मामलों की पूरी प्रक्रिया, पारदर्शिता और निष्पक्षता की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। चुनाव आयोग को भी इस पूरे मामले का संज्ञान लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी वैधानिक प्रक्रिया का विरोध नहीं करती, लेकिन जब लगातार ऐसे परिणाम सामने आते हैं तो सवाल उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। लॉटरी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और उसकी वीडियोग्राफी सहित सभी रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाने चाहिए, ताकि जनता का विश्वास बना रहे।
निकाय चुनाव में जोड़-तोड़, पंचायत चुनाव में जनता ने दिया जवाब
डॉ. जयपाल ने कहा कि निकाय चुनावों में भी कांग्रेस ने जनता का समर्थन हासिल किया था, लेकिन भाजपा ने सत्ता और सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग तथा जोड़-तोड़ के जरिए स्थानीय निकायों पर कब्जा जमाने का प्रयास किया। इसके बावजूद पंचायत चुनाव में ग्रामीण जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्रियों और राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवारों से जुड़े कई प्रत्याशियों को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इससे स्पष्ट है कि जनता अब राजनीतिक रसूख नहीं, बल्कि काम और जनहित के मुद्दों पर अपना फैसला सुना रही है।
डॉ. जयपाल ने कहा कि भाजपा सरकार को अब जनता के इस संदेश को समझ लेना चाहिए। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर जनता जवाब मांग रही है। पंचायत चुनाव के परिणाम आने वाले विधानसभा चुनावों की दिशा का संकेत हैं। वर्ष 2028 में राजस्थान की जनता कांग्रेस को प्रचंड बहुमत देकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएगी।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सत्ता के अहंकार में लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनता के जनादेश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। अजमेर में बार-बार लॉटरी के माध्यम से भाजपा प्रत्याशियों की जीत होने के मामलों ने निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस की मांग है कि धर्मेंद्र गहलोत, हेमंत सांखला और जिला परिषद वार्ड 28 के ओमप्रकाश गुर्जर से जुड़े लॉटरी प्रकरणों की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर हर बार लॉटरी का परिणाम भाजपा के पक्ष में ही क्यों जाता है। कांग्रेस लोकतंत्र, पारदर्शिता और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
जारीकर्ता:
शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी