बी.एल. गोठी स्कूल में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026–27’ का आयोजन

 युवाओं ने दिया नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश
 भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, ब्यावर तथा वीर शिवाजी युवा क्लब के तत्वावधान में शनिवार, 21 नवंबर 2026 को बी.एल. गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में ‘नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026–27’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य विषयवस्तु ‘नशामुक्त युवा’ रही। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान पुलिस सेवा की अधिकारी एवं ब्यावर जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया उपस्थित रहीं। साथ ही डॉ. पुनीता जैफ ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। डॉ. जैफ अजमेर, राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की जिला सलाहकार हैं। नगर परिषद, ब्यावर से विषय विशेषज्ञ के रूप में ब्रजकिशोर नागर एवं निर्मल कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें निशा पराशर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के संचालन का दायित्व मैरी डेनियल ने संभाला, जबकि मंच संचालन अमनप्रीत सिंह द्वारा किया गया। गौतम चौहान ने दृश्य-श्रव्य प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को नशे की समस्या तथा उसके व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विचार-विमर्श का अवसर मिला। इस दौरान आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में आशीष जॉर्ज एवं हर्षिता शर्मा शामिल रहे। प्रतियोगिता में पक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करने पर जतिन राजवानी तथा विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत करने पर तन्वी जैन विजेता रहे। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने और सामाजिक विषयों पर सार्थक चर्चा करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के आयोजन में वीर शिवाजी युवा क्लब की टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। क्लब के अध्यक्ष मृगेश वशिष्ठ, उपाध्यक्ष विवेक मेहरा, महासचिव सारा शर्मा, कोषाध्यक्ष हर्षिता शर्मा एवं स्वयंसेवक विशाल छल्लानी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े अतिथियों, विषय विशेषज्ञों, आयोजकों एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने युवाओं को नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवाओं की सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक जिम्मेदारी ही एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण का आधार है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!