* अजयमेरू प्रेस क्लब के 26वें स्थापना दिवस पर भव्य समारोह
* कलाकारों ने गरिमामयी प्रस्तुतियों से दिल जीते
* वर्ष भर तन-मन-धन से सहयोग करने वाले सदस्य सम्मानित
— अमित टंडन —
अजमेर। अजमेर शहर का नाम अजयमेरु और शहरी सीमा से सटे काजीपुरा गांव का नाम काशीपुरा रखने का प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भिजवाया गया है। केंद्र से अनुमति के प्रयास जारी हैं, सब कुछ सही चला तो अजमेर जल्दी ही अजयमेरू कहलाएगा।
अजमेर जिले के पत्रकारों की एकमात्र सक्रिय संस्था “अजयमेरु प्रेस क्लब” के 26वें स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने यह जानकारी दी। 23 नवंबर, सोमवार को वैशाली नगर स्थित क्लब के सभागार में सम्पन्न कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि देवनानी विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्व रिकॉर्ड में हाल ही में ऐतिहासिक तारागढ़ दुर्ग का नामांतरण भी हो चुका है।इसका भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उदयपुर को झीलों की नगरी कहा जाता है, लेकिन अजमेर में ऐतिहासिक आनासागर और वरुण सागर झील के अतिरिक्त चाचियावास और लोहागल स्थित तालाबों को भी झीलों के तौर पर विकसित किया जाएगा। चाचियावास झील का विकास कार्य तो शुरू भी हो गया है। एक दिन आयेगा जब अजमेर में उदयपुर से ज्यादा झीलें होंगी। उन्होंने बताया कि अजमेर में साइंस पार्क जैसे प्रोजेक्ट शुरू हो चुके हैं। लैपर्ड सफारी का काम भी चल रहा है। अजमेर नगर निगम की सीमा को नेशनल हाइवे से जोड़ा गया है। शहर के चारों तरफ रिंग रोड भी बनाई जा रही है। जयपुर वाले प्रवेश द्वार पर पंचतीर्थ स्थान भी विकसित किया जा रहा है। यहां पांच महापुरुषों की आकर्षक प्रतिमाएं लगाई जाएंगीं। वरुण सागर झील में पूज्य देव वरुण देव की प्रतिमा लगाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त भी उन्होंने अजमेर को लेकर कई घोषणाएं कीं और प्रस्तावित योजनाओं के बारे में बताया।
देवनानी ने 26 वर्ष के दौरान “अजयमेरु प्रेस क्लब” की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए इसके लिए क्लब की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि कोई भी संस्था तब ही लंबे समय तक जिंदा रहती है, जब यह नैतिक मूल्यों और अनुशासन का पालन करती रहे।
इस मौके पर अजयमेरू प्रेस क्लब के 26 वर्षीय गौरवशाली सफर पर अध्यक्ष डॉ रमेश अग्रवाल लिखित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसमें क्लब के गठन से लेकर वर्तमान तक की गतिविधियों, उपलब्धियों, कार्यप्रणाली, सामाजिक सरोकारों, लोकतांत्रिक नियमों की पालनाओं, आर्थिक स्थिति, सदस्यों के जुड़ाव आदि अनेक बिन्दुओं को समाविष्ट कर सारगर्भित जानकारी दी गई। डॉक्यूमेंट्री में वॉयस ओवर अमित टंडन ने किया।
कार्यक्रम के दौरान वर्षभर तन मन धन से सहयोग करने वाले सदस्यों को मुख्य अतिथि वासुदेव देवनानी के करकमलों से स्मृति चिह्न प्रदान कर अभिनंदन किया गया। सम्मानित होने वालों में अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, राजेंद्र गांधी व आभा गांधी, सुदेश शर्मा, सुनीता जैन, अनिल गुप्ता, महेंद्र सिंह राठौड़, अनूप कुबेरा, नरेश आडवाणी, महादेव कर्मवानी, धीरज गोयल, राजेश आनंद, विजय गुप्ता, प्रदीप गुप्ता ‘काके ‘, सुनीलदत्त जैन, अमित डाणी, अनिल आसनानी, रमेश टहलियानी, नरेश बागानी, ललित नगरानी, राकेश गौड़, चंद्रप्रकाश कटारिया, एमडीएस विश्वविद्यालय के पूर्व उप कुलपति डॉ कैलाशचंद शर्मा, श्याम सोमानी, ऋषिका महर्षि, सुरेश श्रीचंदानी, रामगोपाल सोनी और सैयद सलीम को भिन्न भिन्न मदों में आर्थिक सहयोग के लिए सम्मानित किया गया। वहीं जगदीश मूलचंदानी, अशोक शर्मा, हेमन्त शर्मा, उमेश चौरसिया, व्यंग्यकार प्रदीप गुप्ता, अमित टंडन, ललित कुमार शर्मा, अब्दुल सलाम कुरैशी, अनंत भटनागर, रासबिहारी गौड़, घेवरचंद नाहर, लोकेश अग्रवाल, यश डाणी, डॉ अशोक मित्तल, श्रीमती आभा शुक्ला, प्रताप सिंह सनकत, सत्यनारायण जाला, गुरजिंदर सिंह विरदी, विजय हंसराजनी, भूपेंद्र जेलिया, राजेश सक्सेना, विजय कुमार धन्जा को व्यवस्थाओं और अलग अलग भूमिका में सहयोग करने के लिए अभिनंदन किया गया। कैरम प्रतियोगिताओं के लिए डॉ अशोक मित्तल, बालमुकुंद चौरसिया, प्रताप सनकत , प्रदीप गुप्ता, रामगोपाल सोनी तथा सुशील बंसल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप यज्ञ से हुआ। गायत्री परिवार की ओर से मनोज शर्मा द्वारा मंत्रोच्चार के साथ बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित करवा कर सभाकक्ष को रोशन किया गया और आहुतियाँ दी गईं। मुख्य अतिथि वासुदेव देवनानी सहित पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुंजल तथा अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। अध्यक्ष डॉ रमेश अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया और अपने उद्बोधन में क्लब से जुड़ी जानकारियां साझा कीं।
इस दौरान हुए संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में अजयमेरू कत्थक केंद्र की निदेशक कुसुम माथुर ने शिव स्तुति पर गरिमामई कत्थक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। उनके ही निर्देशन में उनके साथ अन्य बालिकाओं सान्या और गौरवी ने सरगम और ताल के बोलों पर कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। सप्तक संस्था से जुड़े संगीत विद्यार्थियों, भूमिका शर्मा ने सिंथेसाइजर वादन किया, वहीं प्रांजल व जीत हर्षावत ने सेक्सोफोन वादन कर तालियां बटोरीं। नवनीत पंजाबी के एकल गायन ने जहां प्रभावित किया, वहीं नवनीत के साथ यशप्रीत पंजाबी के डुएट गीत ने भी दाद बटोरी। ज्योति खोरवाल के निर्देशन में उन्होंने स्वयं तथा उनकी शिष्यों ने राजस्थानी गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर माहौल में लोक रंग बिखेर दिए। लाइव प्रोग्राम में विभिन्न वाद्य यंत्रों पर ललित शर्मा, सतीश दीक्षित, नरेंद्र जैन और सुनील जैन ने संगत की। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को स्मृति चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अमित टंडन ने किया। अंत में साहित्यकार उमेश चौरसिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।