पंचायतराज चुनाव में भाजपा की करारी हार के बाद मीडिया में यह चर्चा हो रही है कि अमुक मंत्री, विधायक व नेता के क्षेत्र में पार्टी को हार का सामना करना पडा है। एक तरह से यह हार के लिए उनको जिम्मेदार मानने जैसा है। सवाल उठता है कि क्या दोशी ठहराना उचित है? वस्तुतः किसी मंत्री, विधायक या भाजपा के बड़े नेता के निर्वाचन क्षेत्र में पार्टी की हार हो जाने मात्र से उसे उस हार का जिम्मेदार मान लेना राजनीतिक विश्लेषण नहीं, बल्कि निष्कर्ष पर पहुंचने की जल्दबाजी है। यह जरूर है कि चुनाव में किसी क्षेत्र की जिम्मेदारी जिस नेता को सौंपी जाती है, वहां पार्टी की हार होने पर उससे जवाबदेही पूछी जानी चाहिए। लेकिन जवाबदेही और हार का वास्तविक दोषी होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
मसलन, किसी मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा जिला परिषद या पंचायत समिति चुनाव हार जाती है तो यह जरूरी नहीं कि मतदाताओं ने मंत्री के खिलाफ ही मतदान किया हो। संभव है कि स्थानीय प्रत्याशी कमजोर रहा हो, संगठन में गुटबाजी रही हो, टिकट वितरण गलत हुआ हो या ग्रामीण मतदाताओं की नाराजगी के पीछे कोई स्थानीय मुद्दा रहा हो। इसलिए हार का विश्लेषण केवल इस आधार पर नहीं होना चाहिए कि किस नेता के इलाके में भाजपा हारी, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि आखिर मतदाताओं ने भाजपा को नकारा क्यों।
अब समझने की कोषिष करते हैं कि भाजपा की हार के वास्तविक कारण क्या हैं? सरकार को लगभग तीन वर्ष होने जा रहे हैं। ग्रामीण मतदाताओं को यदि लगा कि उनकी अपेक्षाएं पूरी नहीं हुईं तो उन्होंने स्थानीय चुनाव में नाराजगी जाहिर की होगी। इसे सामान्य सत्ता विरोधी रुझान के रूप में देखना चाहिए। सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई, अतिक्रमण, किसानों की समस्याएं और सरकारी कार्यालयों में आम आदमी के काम नहीं होना जैसे मुद्दे पंचायत चुनाव में बहुत प्रभाव डालते हैं। कई बार पार्टी का कार्यकर्ता वर्षों तक मेहनत करता है, लेकिन टिकट किसी ऐसे व्यक्ति को मिल जाता है जिसकी संगठन में स्वीकार्यता नहीं होती। इससे भीतरघात और बगावत दोनों पैदा होते हैं। मंत्री और विधायक सत्ता के कामकाज में व्यस्त रहते हैं, जबकि मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं। चुनाव के समय वही कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में नहीं उतरता।
राजस्थान की ग्रामीण राजनीति में जातीय समीकरण, सामाजिक रिश्ते, स्थानीय प्रभाव और व्यक्तिगत संपर्क बहुत मायने रखते हैं। किसी बड़े नेता की लोकप्रियता इन समीकरणों पर हमेशा भारी नहीं पड़ती।
पंचायत चुनाव में प्रत्याशी का व्यवहार, उपलब्धता, सामाजिक संबंध और व्यक्तिगत छवि बहुत महत्वपूर्ण होती है। मतदाता कई बार पार्टी के बजाय व्यक्ति को देखकर वोट देता है।
कुल मिला कर समीक्षा के लिए निम्नलिखित सवाल पूछे जाने चाहिए-
1. क्या सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तव में ग्रामीण जनता तक पहुंचा?
2. क्या मंत्री और विधायक अपने क्षेत्रों में जनता के बीच नियमित रूप से उपलब्ध रहे?
3. क्या टिकट वितरण में स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को महत्व दिया गया?
4. क्या भाजपा के बागियों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों को नुकसान पहुंचाया?
5. क्या संगठन का बूथ स्तर का नेटवर्क चुनाव में सक्रिय था?
6. क्या ग्रामीण मतदाताओं की नाराजगी सरकार के प्रति थी या स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति?
7. क्या कांग्रेस की जीत उसके संगठन की मजबूती का परिणाम थी या भाजपा के प्रति नाराजगी का?
सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक निष्कर्ष यह है कि इस चुनाव परिणाम को केवल मंत्रियों और विधायकों की हार के रूप में देखना भाजपा के लिए सबसे बड़ी भूल होगी। यदि सरकार की नीतियों से जनता नाराज है, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है, संगठन कमजोर हो रहा है और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है तो केवल कुछ मंत्रियों को जिम्मेदार ठहराने से समस्या का समाधान नहीं होगा।