ममता बनर्जी ने पुलिस को मुझे कोलकाता आने से रोकने को कहा था : रुश्दी

प्रसिद्ध लेखक सलमान रुश्दी ने कहा है कि उनकी कोलकाता यात्रा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदेश पर रद्द की गई। रुश्दी ने ट्विटर पर लिखा कि ममता बनर्जी ने पुलिस को उन्हें कोलकाता पहुंचने से रोकने के लिए आदेश दिए थे।

उन्होंने कहा कि कोलकाता में साहित्य सम्मेलन के आयोजक झूठ बोल रहे हैं कि उन्हें (रुश्दी को) निमंत्रित नहीं किया गया था। रुश्दी ने कहा कि अपने दावे के समर्थन में उनके पास आयोजकों के ई-मेल और उनके द्वारा भेजे गए हवाई टिकट मौजूद हैं।

रुश्दी की यह टिप्पणी तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय के उस बयान के बाद आया है, जिसमें रॉय ने एनडीटीवी से कहा था कि लेखक को कोलकाता न आने के बारे में राज्य सरकार से कोई आदेश नहीं दिया गया था।

गौरतलब है कि अपनी किताब ‘मिडनाइट्स चिल्ड्रन’ पर फिल्म बनाने वाली दीपा मेहता के साथ रुश्दी को कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करना था। लेकिन ऐन मौके पर फिल्म का वितरण करने वाली कंपनी पीवीआर सिनेमाज ने कहा कि फिल्म के प्रमोशन से जुड़े प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए जगह नहीं उपलब्ध हो पाई।

error: Content is protected !!