राहुल के सामने भिड़ गए शीला दीक्षित और जेपी अग्रवाल

sheila-and-jp-aggarwal-clash-at-party-meet-rahul-looks-on 2013-2-16

सभी राज्यों की कांग्रेस संगठन की नब्ज टटोलने के लिए बुलाई गई बैठक में पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सामने ही गुटबाजी सतह पर आ गई। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल आपस में भिड़ गए तो हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने राज्य के केंद्रीय नेताओं और मंत्रियों पर गुटबाजी को हवा देने का आरोप मढ़ दिया।

राहुल ने सबकी सुनी और संगठन को मजबूत करने, एकजुटता बनाए रखने और किसी भी चुनाव में सही उम्मीदवार चुनने के फार्मूले पर जोर दिया। सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों या विधानमंडल दल के नेताओं और प्रदेश अध्यक्षों के साथ-साथ प्रदेश प्रभारियों व महासचिवों की दो दिवसीय बैठक के पहले दिन राहुल ने सभी को सारी भड़ास निकालने का मौका दिया। न सिर्फ सभी शिकायतें सुनीं, बल्कि उसके कारण और उन्हें दूर करने के उपाय भी पूछे।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने संगठन का प्रस्तुतीकरण देते समय वहीं बैठीं मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर सीधा हमला बोल दिया। अग्रवाल ने कहा, सरकार के कदमों और उसके फैसलों के बारे में संगठन को कुछ पता ही नहीं होता। संगठन की सरकार में सुनवाई भी नहीं होती, बिना बताए सारे फैसले ले लिए जाते हैं। शीला ने उल्टे अग्रवाल पर आरोप लगाया कि वह संगठन में क्या कर रहे हैं, इसके बारे में कभी उन्हें भरोसे में नहीं लेते। ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति से लेकर किसी भी फैसले की उन्हें जानकारी नहीं होती। राहुल गांधी को दोनों को रोकना पड़ा।

इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बिना नाम लिए राज्य में गुटबाजी का आरोप चौधरी बीरेंद्र सिंह और कुमारी सेलजा व अन्य नेताओं पर मढ़ दिया। उन्होंने कहा, कुछ केंद्रीय नेता और मंत्री गुटबाजी बढ़ा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और बिहार के अध्यक्ष महबूब कैसर ने केंद्रीय नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा केंद्रीय मंत्री दौरों में राज्य संगठन को तरजीह नहीं देते और उल्टे वहां के गैरकांग्रेसी मुख्यमंत्रियों की तारीफ कर आते हैं। राहुल ने कहा, वे लोग दूसरों के काम पर ध्यान देने के बजाय अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभाएं। उन्होंने पंजाब का हवाला देते हुए कहा कि गलत प्रत्याशी चयन के कारण कांग्रेस चुनाव हारी। सभी जिम्मेदारी निभाएं व सही प्रत्याशी चुनें तो अगले चुनावों में भी पार्टी जीतेगी।

error: Content is protected !!