मुंबई। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इसके तहत शुक्रवार को भाजपा जहां दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मंथन करने जा रही है, वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के मकसद से मुंबई दौरे पर हैं। इस दौरान राहुल पार्टी कार्यकर्ताओं की क्लास भी ले सकते हैं। चूंकि मुंबई कांग्रेस करीब एक साल से बिना मुखिया के है। ऐसे में राहुल मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर कोई फैसला भी ले सकते हैं।
कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनने के बाद राहुल का यह पहला मुंबई दौरा है। राहुल अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष माणिक राव ठाकरे और मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
मुंबई कांग्रेस पिछले एक साल से बिना किसी अध्यक्ष के काम कर रही है। पार्टी अभी तक कृपाशंकर सिंह का उत्तराधिकारी नहीं ढूंढ पाई है। भ्रष्टाचार के आरोप और पिछले साल नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद उन्होंने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।
ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि राहुल मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष पद के मुद्दे पर कोई फैसला ले सकते हैं।