वाशिंगटन। विश्व की जानी मानी एप्पल कंपनी ने एक बार फिर से दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कंपनी होने का गौरव प्राप्त किया है। फॉर्च्यून मैगजीन द्वारा कराए गए सर्वे में एप्पल को सर्वश्रेष्ठ कंपनी का तमगा दिया गया है। सर्वे में इस कंपनी को नई तकनीक को बनाने और लगातार अपने प्रोडक्ट को बेहतर करने वाला बताते हुए इसकी प्रशंसा की गई है।
फार्च्यून मैगजीन ने इस सर्वे में विश्व के 3800 बिजनेस एग्जीक्यूटिव्स और डायरेक्टर्स की राय ली है। इनमें से ज्यादातर ने एप्पल को तकनीक के मामले में सबसे आधुनिक बताया और कहा कि यह कंपनी अपने प्रोडक्ट को लगातार बेहतर बनाती है। इस सर्वे में एप्पल को गूगल, कोकाकोला, अमेजन स्टारबक और आईबीएम से आगे बताया गया है। एप्पल लगातार इस मुकाम पर पिछले छह वर्षो से बना हुआ है।
इस सर्वे में एप्पल को जहां 8.24 प्वाइंट्स मिले हैं वहीं गूगल को 8.1 प्वाइंट और अमेजन को 7.28 प्वाइंट मिले हैं। हालांकि इस मैगजीन द्वारा किए गए सर्वे में एप्पल को मिले प्वाइंट्स में पिछले दो वर्षो की तुलना में कमी आई है। वर्ष 2011 में यह 8.42 था तो 2010 में यह 8.16 था।