नई दिल्ली। दिल्ली गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी राम सिंह के आत्महत्या करने से इस घटना की शिकार युवती का भाई बेहद नाराज है। उनका कहना है कि राम सिंह को सभी लोगों के सामने खुले में फांसी की सजा देनी चाहिए थी। उसने उम्मीद जताई है कि कोर्ट इस मामले के अन्य आरोपियों को जल्द ही फांसी की सजा सुनाएगा।
दिल्ली में गैंगरेप की शिकार बनी फिजियोथेरेपिस्ट के बीस वर्षीय भाई का कहना है कि वह राम सिंह की मौत की खबर सुनकर खुश नहीं है, क्योंकि वह उसको सरेआम फांसी पर लटकते देखना चाहता था। उनका कहना है कि राम सिंह जानता था कि आज नहीं तो कल उसको फांसी दी ही जानी है। वह अपनी ही मौत से खौफजदा था, इसलिए ही उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इस मामले में फास्ट ट्रेक कोर्ट जल्द ही अन्य आरोपियों को फांसी की सजा सुनाएगी।
इस बीच राम सिंह की मौत की जांच मजिस्ट्रेट के हवाले की गई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह ने बताया है कि जिस सेल में उसको रखा गया था वहां पर सिक्योरिटी गार्ड भी मौजूद था। लेकिन उसकी आत्महत्या की जानकारी किसी को नहीं लगी। उन्होंने बताया कि सुबह पांच बजे उसकी सेल में मौजूद अन्य कैदियों ने उसको ग्रिल से लटका हुआ पाया। सिंह के मुताबिक फास्ट ट्रेक कोर्ट में पेशी के दौरान सभी आरोपियों की कड़ी सुरक्षा की जाती है।