वोग के कवर पर फिर दिखाई देंगी मिशेल

Michelle Obamaलॉस एंजिलिस। अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा मशहूर फैशन पत्रिका वोग के अप्रैल के अंक में मुख पृष्ठ पर फिर दिखाई देंगी। वोग का अप्रैल महीने का यह संस्करण दुकानों पर 26 मार्च को आ जाएगा। यह दूसरा मौका होगा जब दो बेटियों की मां 49 वर्षीय मिशेल ओबामा इस पत्रिका के कवर पेज पर नजर आएंगी। यह मैगजीन अगले हफ्ते बाजार में आ जाएगी। इससे पहले वह मार्च, 2009 के अंक में पत्रिका के कवर पेज पर नजर आई थीं।

उन्होंने नए संस्करण में प्रकाशित होने वाले फोटो में रीड क्रेफऑफ का डिजाइन किया गया नीले और मैरून रंग का परिधान पहना है। इस फोटो में वह अपने परंपरागत लुक में ही नजर आएंगी। कवर पेज पर मिशेल की फोटो के साथ शीर्षक है हाउ द फ‌र्स्ट लेडी एंड द प्रेसिडेंट आर इंस्पायरिंग द अमेरिका (किस प्रकार अमेरिका की प्रथम महिला और राष्ट्रपति अमेरिका को प्रेरणा दे रहे)।

पत्रिका को दिए इंटरव्यू में मिशेल ने कहा कि 2009 में शिकागो से वाशिंगटन आने के दौरान उन्होंने और राष्ट्रपति ने स्पष्ट कहा था कि उनकी बेटियां उनकी पहली प्राथमिकता होंगी। साथ ही कहा कि उन्हें खाली वक्त अपनी बेटियों के साथ बिताना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा है कि बीस साल के साथ में उन्होंने अपने पति के साथ बहुत कुछ साझा किया है लेकिन इसमें सबसे अहम उनकी बेटियां मालिया (14 वर्ष) और साशा (11 वर्ष) ही सबसे अहम हैं। यह साक्षात्कार जनवरी में ओबामा के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद लिया गया था। वोग के लिए मिशेल ओबामा की फोटो एनी लेईबोविट्ज ने ली है।

इससे पहले प्रकाशित मिशेल के वोग के कवर फोटो में उन्होंने गुलाबी रंग की ड्रेस पहनी हुई थी। लेकिन इस बार उनकी तस्वीर कवर पेज पर पिछली बार की तस्वीर से भी आकर्षक है। जैसे वक्त के साथ उनके पहनावे और हेयरस्टाइल तक में बदलाव आया है। मिशेल अब अमेरिकी अभिजात वर्ग के लिए फैशन आइकन भी हैं। सबसे पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति हर्बर्ट क्लार्क हूवर की पत्नी लाउ हूवर वोग के कवर पेज पर नजर आई थीं। हर्बर्ट 1929 से 1933 के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति थे। पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन भी इस पत्रिका के कवर पेज पर नजर आ चुकी हैं।

error: Content is protected !!