राजसमंद। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी 23 मार्च से राजसमंद क्षेत्र का व्यापक भ्रमण करेगी। वे गांव गांव जाकर सुराज संकल्प यात्रा की ऐतिहासिक सफलता के लिए आव्हान करेगी। प्रवक्ता किशोर गुर्जर ने बताया कि यात्रा का मार्ग चित्र निश्चित हो गया है। 5 अप्रॆल को यह काबरी महादेव से कुंवारिया में प्रवेश करेगी। कुंवारिया में भव्य स्वागत एवं नगर भ्रमण के उपरान्त यात्रा पिपली अहिरान, गोगाथला, कुरज होते हुए रेलमगरा पहुंचेगी। रेलमगरा से चौकड़ी, राज्यावास, एमड़ी पंचायतों के गांवों में होते हुए यात्रा कांकरोली के द्वारकाधीश मंदिर आएगी। मंदिर दर्शन के बाद द्वारकेश वाटिका में विशाल आमसभा रखी गई है।
सभा में प्रदेशाध्यक्ष वसुन्धरा राजे, राष्ट्रीय महासचिव किरण माहेश्वरी सहित कई राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों का संबोधन होगा। किरण माहेश्वरी के क्षेत्र के व्यापक भ्रमण के समय पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ नेता भी साथ रहेंगे।
निर्धन परिवारों को नहीं दी जा रही है प्रोत्साहन राशि
जयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने कहा निर्धन चयनित परिवारों को प्रति आधार कार्ड पर 100 रू. प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है। किन्तु राजस्थान में किसी भी निर्धन परिवार को अब तक प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जबकि विगत 2 वर्षों में लाखों निर्धन परिवार सदस्यों के आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। किरण के तारांकित प्रश्न के प्रत्युत्तर में बताया गया कि आधार कार्ड बनवाने वाले चयनित निर्धन परिवारों के सदस्यों की सूचना निकालने की कोई व्यवस्था ही नहीं हो पाई है। इस कारण प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है। सरकार को यह भी नहीं पता है कि कितने निर्धन परिवार वालों के आधार पत्रक बनाए जा चुके हैं। देश के सबसे विशाल कम्प्यूटरीकरण अभियान में इस प्रकार की आधारभूत सूचनाएं प्राप्त करने की व्यवस्था नहीं होना अकल्पनीय है। राज्य सरकार एवं आधार अभिकरण एक-दूसरे पर दायित्व डालकर निर्धनों के साथ छलावा कर रहे हैं। यह प्रशासनिक अकर्मण्यता एवं राजनीतिक अकुशलता की पराकाष्ठा है।
गृह सुरक्षा कर्मियों का हो रहा है शोषण
जयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक किरण माहेश्वरी ने राजस्थान में गृह सुरक्षा कर्मियों के शोषण पर गहरा रोश व्यक्त किया है। किरण के अतारांकित प्रश्न पर सरकार ने कहा कि गृह सुरक्षा कर्मियों को मात्र 220/- प्रति कार्य दिवस के दिए जाते हैं। इन्हें साप्ताहिक अवकाश, चिकित्सा सुविधा एवं भविष्य निधि आदि श्रम सुरक्षा का लाभ नहीं दिया जाता है। इनके वेतन का भुगतान भी जिन अधिकारणों को सेवाएं दी गई हैं, उनसे भुगतान प्राप्त होने पर किया जाता है। 2012-13 में राजसमंद जिले में 226 गृह सुरक्षा कर्मियों को नियोजित किया गया है। इनमें से सर्वाधिक मंदिर मण्डल नाथद्वारा में नियोजित हैं।
किरण ने मांग की कि गृह सुरक्षा कर्मियों को न्यूनतम 300 प्रति कार्य दिवस दिए जाए। इन्हें अवकाश सुविधा, चिकित्सा सुविधा, भविष्य निधि आदि का भी लाभ दिया जाए।