जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे राजनीतिक दलों ने अब यात्राओं के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने और पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना बनाई है। कांग्रेस, भाजपा और बहुजन समाज पार्टी के साथ ही बाबा रामदेव एवं पी.ए. संगमा भी प्रदेश में यात्राएं निकालने की तैयारी में जुटे है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष वसुंधरा राजे चार अप्रेल से अपनी परिवर्तन यात्रा शुरू करेगी। वहीं कांग्रेस की यात्रा 30 मार्च से शुरू होगी। वसुंधरा राजे की यात्रा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थल चार भुजाजी से रवाना होगी, इस मौके पर एक बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी। इस जनसभा को भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे।
वसुंधरा राजे उसी रथ में अपनी परिवर्तन यात्रा निकालेगी जिसमें गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात चुनाव प्रचार अभियान चलाया था। अत्याधुनिक रूप से तैयार इस रथ में रहने,खाने और सोने की पूरी व्यवस्था है। रथ में खड़े होकर भाषण देने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।
वसुंधरा की 120 दिन की करीब 13 हजार किलोमीटर की यात्रा का मुख्य संयोजक भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव को बनाया गया है। यात्रा के समापन पर जयपुर में बड़ी जनसभा होगी जिसे पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी संबोधित करेंगे। वैसे अधिकांश जिलों में एक-एक राष्ट्रीय नेता यात्रा में शामिल होंगे। इधर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के निर्देश के बाद प्रदेश कांग्रेस ने भी यात्रा निकालकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और केन्द्र एवं राज्य सरकार के बड़े निर्णयों की जानकारी आम मतदाताओं तक पहुंचाने की योजना बनाई है।
राहुल गांधी ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान को दिल्ली बुलाकर प्रदेश में पार्टी एवं सरकार के कामकाज पर नाराजगी जताई थी,राहुल को सरकार और संगठन को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थी। राहुल गांधी नाराजगी और सुधार के निर्देश के बाद राज्य कांग्रेस ने 30 मार्च से कांग्रेस संदेश यात्रा निकालने की योजना बनाई है। यह यात्रा प्रदेश के सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव मुकुल वासनिक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.चन्द्रभान पूरी यात्रा में मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अधिकांश समय यात्रा में शामिल होंगे। राहुल गांधी की यात्रा के दौरान दो से तीन स्थानों पर बड़ी जनसभा होगी। यात्रा का समापन जून के अंत में जयपुर में होगा।
समापन के मौके पर होने वाली बड़ी जनसभा को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी संबोधित करेंगी। पिछले विधानसभा चुनाव में मिली अच्छी सफलता से उत्साहित बहुजन समाज पार्टी ने भी राज्य के सभी दो सौ विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन करने और दलितों के साथ ही सवर्ण मतदाताओं को लुभाने के लिए जातिगत सम्मेलन आयोजित करने की रणनीति बनाई है।
चुनावी तैयारियों को जायजा लेने के लिए बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा ने दो दिन पहले प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक की है। बसपा सुप्रीमों मायावती भी अगले दो माह में छह जनसभाओं को संबोधित करेंगी। बसपा भी रथयात्रा निकालने की तैयारी कर रही है।
पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पी.ए. संगमा निर्दलिय सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के साथ मिलकर पिछले तीन माह से राजस्थान में सक्रिय है। वे अब तक दो दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर चुके है। वे कभी हैलिकॉप्टर से तो कभी रथ में सवार होकर यात्रा कर रहे है। उनका ध्यान एसटी मतदाताओं पर अधिक है। समाजवादी पार्टी यूपी से सटे राजस्थान के दो दर्जन विधानसभा क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रीत कर रही है। सपा मुस्लिम और यादव मतदाताओं के माध्यम से सफलता हासिंल करना चाहती है। सपा भी यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कुछ समय पूर्व जयपुर आकर चुनावी तैयारियों का जायजा ले चुके है,अब वे यूपी से सटे भरतपुर,धौलपुर,अलवर जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश स्तरीय नेता उनके दौरे का कार्यक्रम तय कर रहे है।