मोदी को सामने रखकर पार हो सकती है भाजपा की नैया: रामदेव

bjp-should-project-modi-in-ls-elections-says-ramdev-जयपुर। योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी को यदि केंद्र की सत्ता में आना है तो उसे अगले आम चुनाव में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना नेता तय कर मैदान में उतरना होगा। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि इस पर अंतिम फैसला संघ और भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह को ही लेना है। वह रविवार को जयपुर में अपने कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए पहुंचे थे। गौरतलब है कि आज ही नरेंद्र मोदी को भाजपा संसदीय बोर्ड में भी शामिल किया है।

रामदेव ने कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कुछ नहीं है जिसके दम पर वह सत्ता में वापस आएगी। ऐसे में मोदी को सामने रखकर भाजपा की नैया पार हो सकती है। इसके लिए पार्टी को अपनी प्राथमिकता बदलनी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भ्रष्ट नीतियों से आम जनता त्रस्त आ चुकी है, लिहाजा भाजपा के लिए यह अच्छा मौका है।

योगगुरु ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा किया है। वहीं मोदी के ऊपर किसी तरह के भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है। अपने राज्य में उन्होंने काफी विकास किया है, जिसके दम पर आज वह यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में एक अदद दमदार नेता कि कमी है जो देश को विकास की राह दिखा सके। इसके लिए आम जनता दूसरी पार्टियों की तरफ बड़ी हसरत भरी निगाहों से देख रही है, जो देश को सही दिशा दे सके।

रामदेव ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरी है। उसने जनता का विश्वास खो दिया है। करोड़ों के घोटालों से भरी कांग्रेस अब दोबारा केंद्र की सत्ता में नहीं आ सकती है, क्योंकि आम जनता उससे पूरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह के पीछे सीबीआई को लगाने का भी आरोप लगाया है। अन्ना पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा ढांचे में बदलाव की बेहद जरुरत है। उन्होंने अन्ना को बेहद अच्छा इंसान बताया और कहा कि वह राजनीति में नहीं आना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कानून कोई संत नहीं बना सकता है उसको केवल देश की संसद ही बना सकती है।

रामदेव आज जयपुर में अपने कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए आए थे। उन्होंने आने वाले चुनाव में अपनी पार्टी द्वारा बड़ी भूमिका निभाने की बात कही। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि वह आने वाले चुनाव के मैदान में खुद नहीं उतरेंगे।

error: Content is protected !!