संसदीय बोर्ड में शामिल होंगे मोदी, ऐलान आज

modi-to-return-to-bjp-parliamentary-board-after-six-yearsनई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की टीम में युवाओं की आकांक्षाओं को समाहित करने की कोशिश होगी। गुजरात समेत भारत के दूसरे हिस्सों में युवाओं का दिल जीत चुके गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी संसदीय बोर्ड में होंगे। संगठन में महासचिवों की उम्र 50 वर्ष से कम होगी। वरुण गांधी जैसे कुछ महासचिव काफी युवा भी होंगे। टीम की घोषणा रविवार को हो सकती है।

चुनाव के लगभग दो महीने बाद टीम राजनाथ तैयार हो गई है। संसदीय बोर्ड पर भी निर्णय ले लिया गया है। सूत्रों के अनुसार टीम के साथ ही संसदीय बोर्ड में मोदी की वापसी की घोषणा हो जाएगी। बोर्ड में वह अकेले मुख्यमंत्री होंगे। दूसरी तरफ पुराने महासचिवों में सिर्फ चार को नई टीम में जगह मिलेगी। संगठन महामंत्री रामलाल, अनंत कुमार, थावरचंद गहलोत और जेपी नाड्डा बरकरार रहेंगे। नए महासचिवों में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के नजदीकी अमित शाह और वरुण गांधी का नाम तय है। बिहार से आने वाले राजीव प्रताप रूड़ी पर भी लगभग मुहर लग गई है, लेकिन शुक्रवार देर रात तक राधामोहन सिंह का नाम भी चर्चा में रहा। मध्य प्रदेश से प्रभात झा के लिए संघ का दबाव बरकरार है, लेकिन जनाधार वाली नेता उमा भारती से उन्हें जीतना होगा। शुक्रवार को दोनों के नामों पर काफी चर्चा हुई और अधूरी रही।

आदिवासी समुदाय से जुएल ओरांव को राजनाथ की टीम में बतौर महासचिव जगह मिलने की जबरदस्त संभावना है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्मृति ईरानी की जगह आरती मेहरा ले सकती हैं, जबकि युवा मोर्चा को लेकर थोड़ा संशय बरकरार है। बताते हैं कि कमान फिर से अनुराग ठाकुर के पास रह सकती है। बदलाव की स्थिति में कमान प्रवेश वर्मा को दी जाएगी। उपाध्यक्ष की टीम में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। हां, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा को जरूर स्थान दिया जाएगा।

error: Content is protected !!