ससुराल का माल पीहर ले जा रही है एक विदेशी महिला: रामदेव

ramdev babaजयपुर। स्वामी बाबा रामदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम लिए बिना कहा कि एक विदेशी महिला पूरे देश को अंगुलियों पर नचा रही है। वो ससुराल का सारा माल पीहर ले जा रही है। उनका बेटा कहता फिर रहा है कि प्रधानमंत्री नहीं बनूंगा, शादी नहीं करुंगा, तो कौन उसे प्रधानमंत्री बना रहा और कौन उसकी शादी करा रहा? उन्होंने कांग्रेस पर सीबीआई को राजनीतिक हित साधने में उपयोग लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके ट्रस्ट को दान मिले तो आय मानी जाती है और कांग्रेस को चंदा मिले तो दान माना जाता है, ऐसा क्यों? विधानसभा चुनावों के साथ ही लोकसभा चुनावों की संभावनाओं को देखते हुए स्वामी रामदेव ने भी चुनावी समर का बिगुल बजा दिया है। उन्होंने संकेत दिया है कि वे अप्रैल-मई में महत्वपूर्ण घोषणा करने वाले हैं, यह घोषणा राजनीतिक दल के गठन की भी हो सकती है या किसी दल विशेष को समर्थन की भी। वे इस बारे में स्पष्ट नहीं बोले। इसके बाद मई से अखंड यात्राओं की शुरुआत करेंगे।

जयपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना तो की लेकिन स्पष्ट समर्थन के सवालों को वे टाल गए। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी किसी भी मुद्दे को वैज्ञानिक तरीके से निष्कर्ष तक नहीं पहुंचा पाई है। इसलिए वे लोकसभा में 300 ऐसे लोगों को लाभ पहुंचाने का संकल्प रखते हैं, जो कालाधन वापस लाने, भ्रष्टाचार को मिटाने, महंगाई मिटाने और समानता लाने में सक्षम हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे स्वयं चुनाव नहीं लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा देश को सबसे ऊपर रख काम करे तो अच्छा विकल्प हो सकती है। भाजपा नरेन्द्र मोदी को प्रोजेक्ट करती है तो बेहतर होगा। मोदी ऐसा व्यक्ति है जो विकास और साहस का प्रतीक बन चुका है।

स्वामी रामदेव ने कहा कि सभी पार्टियों में अच्छे लोग हैं, जिनको साथ लेकर कुछ नया करेंगे। रामदेव ने केजरीवाल संबंधी सवाल पर टिप्पणी से इनकार कर दिया। अन्ना हजारे पर उन्होंने कहा कि सिर्फ सामाजिक ताकत प्रदर्शन से बदलाव नहीं हो सकता, कोई कड़ा कानून नहीं बन सकता। सामाजिक के साथ राजनीतिक ताकत, दोनों को बराबर खड़ा करेंगे, इसी से देश में बदलाव होगा।

error: Content is protected !!