जयपुर। भाजपा के चुनाव अभियान का बिगुल कही जा रही सुराज संकल्प यात्रा में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कांग्रेस के पांच साल के शासन को कुशासन बताते हुए इसे उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
गुरुवार को राजसमंद जिले के चारभुजा से यात्रा की शुरूआत के मौके पर राजे ने कहा कि इस सरकार ने जनता को मसल कर रख दिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर राजे की इस यात्रा का आगाज किया।
इस अवसर पर राजे ने कहा कि इस सरकार में महिलाओं का जीना दूभर हो गया है। बच्चियों तक के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं। ऐसे में सरकार कैसे कुर्सी पर जमी हुई है। मां-बहन की रक्षा नहीं कर सके, ऐसी सरकार को तो चुल्लू भर पानी मे डूब मरना चाहिए।