सेंसेक्स सुस्त, इंफोसिस में 1.5 फीसद की गिरावट

sensex downमुंबई। एशियाई बजारों के कमजोर रुख के बीच फंडों और खुदरा निवेशकों की बिकवाली के चलते सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 98 अंक तक गिर गया। वहीं, इंफोसिस के शेयरों में 1.5 फीसद तक की गिरावट देखी जा रही है।

30 शेयरों पर आधारित बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स 0.53 फीसद यानि 98.34 अंक गिरकर 18,144.22 के स्तर पर पहुंच गया। सेंसेक्स शुक्रवार को 299.64 अंक गिरकर बंद हुआ था। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी 0.48 फीसद यानि 26.75 अंक गिरकर 5,501.80 पर पहुंच गया।

इंफोसिस के शेयरों में आज भी गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में हुए मामूली मुनाफे से इंफोसिस के शेयर शुक्रवार को 20 फीसद से अधिक गिर गए थे। वहीं, टीसीएस के शेयरों में भी 1 फीसद से ज्यादा की गिरावट देखी जा रही है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी, ऑटो, रियल्टी और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में भी गिरावट दिख रही है। टाटा मोटर्स में 2 फीसद से ऊपर की गिरावट और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में लगभग 1 फीसद की गिरावट देखी जा रही है। ब्रोकरों के अनुसार एशियाई बाजारों के कमजोर रुख का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है।

उधर, जापान का निक्कई 1.21 फीसद और हांगकांग का हेंगसेंग 1.25 फीसद की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। अमेरिका का डाओ जोन्स शुक्रवार को 0.08 फीसद की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ था।

error: Content is protected !!