एग्जिट पोल: कर्नाटक में लौटेगा कांग्रेस राज

karnataka elections 2013, exit polls karnataka, congress, BJPबेंगलूर। आग बरसाते सूरज की परवाह न करते हुए कर्नाटक के मतदाताओं ने रविवार को उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। छिटपुट घटनाओं के बीच राज्य की 14वीं विधानसभा के लिए करीब 69 फीसद वोट पड़े। आठ मई को होने वाली मतगणना में 2940 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। अलग-अलग आए सभी सर्वेक्षणों में कांग्रेस के सरकार बनाने की भविष्यवाणी की गई है। कांग्रेस को 110 से लेकर 132 सीटें मिलने और सत्तारूढ़ भाजपा के 50 सीटों के आसपास सिमटने की बात कही गई है।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी शमैया ने बताया कि मतदान खत्म होने तक करीब 69 फीसद वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 224 विधानसभा सीटों वाले राज्य में एक सीट को छोड़कर 223 पर मतदान हुआ। जबरदस्त गर्मी को देखते हुए आयोग ने मतदान की अवधि एक घंटे बढ़ाते हुए सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक कर दी थी। मैसूर जिले की पेरियापटना सीट पर भाजपा प्रत्याशी की मौत की वजह से मतदान 28 मई को होगा। चुनाव में मुख्यमंत्री जगदीश शेंट्टार, नेता विपक्ष सिद्दरमैया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर, पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा और जदएस अध्यक्ष एचडी कुमारस्वामी की किस्मत दांव पर लगी है।

माना जा रहा है कि भ्रष्टाचार और अंदरूनी कलह के अलावा येद्दयुरप्पा की पार्टी केजेपी व रेड्डी बंधुओं की बीएसआर कांग्रेस ने भाजपा की संभावनाओं को जबरदस्त चोट पहुंचाई है। चुनाव सर्वेक्षणों में कांग्रेस के सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने की भविष्यवाणी की गई है। वर्ष 2008 में 110 सीटें जीतकर सरकार बनाने वाली भाजपा को इस बार आधी सीटें भी नहीं मिलने का अनुमान जताया गया है। बहुमत से तीन सीटें कम मिलने के बावजूद भाजपा ने पांच निर्दलीयों के सहारे सरकार चलाई। पिछली बार कांग्रेस को 80 सीटें मिली थीं। जबकि 28 सीटें हासिल करने वाली जदएस इस बार आधा दर्जन और सीटें अपनी झोली में डाल सकती है। चुनाव आयोग ने कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के दौरान पेड न्यूज के 42 मामलों को पकड़ा। साथ ही 21 करोड़ रुपये नकद और करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य की 11 लाख लीटर शराब जब्त की गई।

इंडिया टीवी-सी. वोटर

कांग्रेस 110 से 118

भाजपा-51 से 59

जदएस-31 से 37

केजेपी-9 से 13

————

सीएनएन-आइबीएन

———–

कांग्रेस- 110 से 116

भाजपा-43 से 53

जदएस-43 से 53

अन्य 16 से 24

———–

हेडलाइंस टुडे

———-

कांग्रेस-114

भाजपा- 55

जदएस-34

केजीपी-11

अन्य-9

———

एबीपी

—-

कांग्रेस-110 से 118

भाजपा-52 से 59

जदएस-31 से 37

केजीपी-9 से 13

———–

टाइम्स नाउ

कांग्रेस-132

भाजपा-38

जदएस-38

केजीपी व अन्य 15

जनता की डांट के बाद वेंकैया को लाइन में लगकर डालना पड़ा वोट

बेंगलूर। भाजपा के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू को रविवार जनता की ताकत का अहसास हो गया। रविवार को कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान मल्लेश्वरम विधानसभा सीट के एक बूथ पर सीधे वोट डालने पहुंच गए नायडू को लाइन में खड़े मतदाताओं ने रोक लिया और बारी आने पर वोट डालने की नसीहत दी। नायडू ने इस पर भीड़ को शांत करते हुए सफाई दी कि वह सांसद हैं और उन्हें बहुत से अन्य जरूरी कामकाज निपटाने हैं। इस पर वोटरों ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किस पद पर हैं, सबको लाइन में लगकर वोट डालना चाहिए। मायूस नायडू आखिरकार लाइन में लगकर ही वोट डालने को मजबूर हुए।

error: Content is protected !!