गुड़िया का हुआ ऑपरेशन, हालत में सुधार

गांधी नगर, चिराग दिल्ली व एम्स परिसरनई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के चिराग दिल्ली में दरिंदगी की शिकार हुई साढ़े चार साल की बच्ची भी उपचार के लिए एम्स पहुंच गई। बुधवार रात एम्स के चार वरिष्ठ डॉक्टरों की टीम ने करीब आधे घंटे तक आइसीयू में उसका ऑपरेशन किया।

डॉक्टरों व पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हालत में काफी सुधार है। उसे बृहस्पतिवार की सुबह होश आ गया। वह परिजन व अन्य से बातें भी करने लगी है। घटना के बाद बच्ची की हालत काफी बिगड़ गई थी। नेपाल की रहने वाली इस मासूम बच्ची का संवेदनशील अंग क्षतिग्रस्त हो गया था।

एम्स के डॉक्टरों का कहना है कि अगर जरूरत पड़ी तो बच्ची का एक और ऑपरेशन किया जा सकता है। इसे भी गांधी नगर वाली गुड़िया के कमरे में रखा गया है। एम्स के पांचवीं मंजिल पर स्थित एबी वार्ड के उस कमरे में दरिंदगी की शिकार हुई तीन गुड़िया (गांधी नगर, चिराग दिल्ली व एम्स परिसर में मिली) भर्ती है। वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में बदरपुर में दरिंदे की शिकार हुई छह साल की बच्ची अब तक भर्ती है। उसके भी कई ऑपरेशन किए गए, कुछ दिन पहले ही उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गांधी नगर वाली गुड़िया के कुछ और छोटे ऑपरेशन किए जाएंगे। तीन गुड़िया के एम्स में भर्ती रहने के कारण वहां गांधी नगर वाली घटना के बाद से ही लगातार पुलिस बल तैनात हैं। जबतक इनकी छुट्टी नहीं हो जाती, पुलिस बल तैनात ही रहेंगे।

इधर, चिराग दिल्ली में बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी विजय को पुलिस ने बुधवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ रेप व पॉक्सो (द प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फॉर्म सेक्सुअल ऑफेंसेज) के तहत मामला दर्ज किया गया। 19 वर्षीय विजय मूलरूप से उड़ीसा का रहने वाला है। पिता की मृत्यु होने पर उसकी मां तीनों बेटों को लेकर जीवन-यापन करने दिल्ली आ गई थी। विजय ढाबे पर नौकरी कर फूड होम डिलीवरी करने का काम करता था। इसकी मां फ्लैटों में काम करती है।

पुलिस के मुताबिक, विजय काफी समय से साढ़े चार साल की बच्ची को हवस का शिकार बनाने की कोशिश में था, लेकिन घर खाली न होने के कारण उसे मौका नहीं मिल पा रहा था। बुधवार की सुबह उसकी मां व छोटा भाई दो घंटे के लिए कहीं चले गए, तब कमरा खाली पाकर वह बच्ची को अपने कमरे में ले आया था। बच्ची के साथ रेप के बाद जब उसकी हालत बिगड़ गई, तब उसे उसके कमरे में छोड़ वह फरार हो गया था।

error: Content is protected !!