पणजी। भाजपा कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही विवादों ने विरोधियों को कटाक्ष करने का मौका दे दिया है। पहले कांग्रेस ने तंज कसा। अब शरद पवार ने कहा है कि मोदी नाम का गुब्बारा जल्द फटने वाला है। वहीं कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह कहां पीछे रहेंगे,उन्होंने कहा कि मोदी भाजपा के लिए अहम होंगे लेकिन कांग्रेस के लिए उनका कोई महत्व नहीं है। गोवा में आयोजित होने वाली भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक से पहले शुक्रवार को हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में आडवाणी, उमा भारती और जसवंत सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं के न पहुंचने पर कांग्रेस ने उनकी चुटकी ली है।
कांग्रेस के अनुसार, इन नेताओं की अचानक बीमारी की वजह ‘नमोनाइटिस’ वायरस है। मोदी के गोवा पहुंचने पर तंज कसते हुए पार्टी प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने कहा कि ‘नमोनाइटिस’ वायरस गोवा में तेजी से फैल रहा है और मुख्यमंत्री को इसे रोकने का उपाय करना चाहिए, नहीं तो पर्यटन पर इसका विपरीत असर पड़ सकता है।
भाजपा की कार्यकारिणी में मोदी पर कलह मची
कांग्रेस ने यह तक पूछा है कि आडवाणी, उमा भारती और जसवंत सिंह के बाद अब कौन बीमार पड़ने वाला है। शनिवार को शुरू हो रही पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक से पहले कांग्रेस की बयानबाजी शुरू हो गई है।
ट्वीट: बीजेपी यानि बीमार जनता पार्टी
कांग्रेस के अन्य प्रवक्ता राशिद अल्वी ने मोदी की वजह से बीमार हुए नेताओं के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा, जब मोदी की वजह से उनकी खुद की पार्टी के बड़े नेता बीमार पड़ने लगे हैं तो फिर पूरे देश का क्या होगा। भाजपा को मोदी के मुद्दे पर फिर से विचार करना चाहिए। शाकील अहमद ने कहा, मोदी ग्रुप ने आडवाणी ग्रुप को खदेड़ दिया है। वहीं, गोवा में कांग्रेस के रास सदस्य शांताराम नाइक ने मोदी की तुलना हिटलर और कंबोडियाई तानाशाह पॉल पॉट से की है। उन्होंने कहा कि भारत हिटलर और पॉल जैसे तानाशाह नहीं चाहता है, जो लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक ढांचे को ध्वस्त कर दे।