जयपुर, इस साल के आखिर में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव और मिशन-2014 के लिहाज से राजस्थान में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के धुआंधार प्रचार अभियान और भाजपा पर हमलों का जवाब देने के लिए पार्टी की ओर से महासचिव वरुण गांधी मोर्चा संभालेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वसुंधरा राजे के बीच हुई चर्चा में युवाओं पर केंद्रित पार्टी के एक्शन प्लान में नए चेहरों को तरजीह देने का प्लान बना है। संभागीय मुख्यालयों पर रैलियां और विश्वविद्यालय और प्रमुख कॉलेजों में बैठकें आयोजित कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया जाएगा। पिछले एक साल में राहुल गांधी की राजस्थान में सक्रियता को भाजपा ने गंभीरता से लिया है और इसी का जवाब देने के लिए वरुण गांधी को राजस्थान के चुनाव प्रचार अभियान में शामिल किया जा रहा है।
राहुल गांधी का भरतपुर के गोधरा काण्ड पीडि़तों से आकर मिलना, उसके बाद प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों से सीधे रूबरू होना कांग्रेस के पक्ष में माना जा रहा है। राहुल गांधी राजस्थान के चुनाव परिणाम को लेकर काफी चिंतित है, इसी लिहाज से पिछले दो माह में उन्होंने दो बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चन्द्रभान को दिल्ली बुलाकर हालात में सुधार करने और संगठन की हालत सुधारने के निर्देश दिए। राहुल के निर्देश पर ही मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष इन दिनों कांग्रेस संदेश यात्रा निकाल रहे है।
राहुल की राजस्थान में बढ़ रही दिलचस्पी की खबरें मिलने के बाद भाजपा आलाकमान ने वसुंधरा राजे से बात कर वरूण गांधी को प्रदेश में सक्रिय करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत वरुण गांधी वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा के तीसरे चरण में शामिल होंगे और फिर चुनाव तक हर माह प्रदेश के किसी ना किसी संभागीय मुख्यालय का दौरा करेंगे। वरुण गांधी के साथ प्रदेश के आठ से दस युवा नेताओं की टीम भी लगाई जा रही है,ये लोग वरुण के मार्ग दर्शन में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी का कहना है कि वरुण गांधी युवाओं में राहुल गांधी से अधिक लोकप्रिय है, यह बात समय-समय पर साबित होती रही है। अब वे चुनाव में राजस्थान का भी दौरा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय सचिव और वसुंधरा राजे के चुनाव प्रबंधक भूपेन्द्र यादव ने पार्टी अध्यक्ष को वरुण गांधी सहित एक दर्जन ऐसे बड़े नेताओं की सूची सौंपी है जो प्रदेश में प्रचार अभियान के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।