5239 साल के हो जाएंगे कान्हा

Krishnaमथुरा। कान्हा इस बार अपने जन्म दिन पर 5239 साल के हो जाएंगे। कन्हाई के जन्मोत्सव को लेकर माहौल में उल्लास छाने लगा है। जन्म स्थान रोशनी से नहाया हुआ है। ब्रज के घर-घर में पकवान बनने लगे हैं। बाजारों में रौनक बढ़ गई है। ज्योतिषाचार्य कामेश्वर चतुर्वेदी के अनुसार अबकी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कान्हा 5239 साल के हो जाएंगे। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर जयंती नाम का खास योग बन रहा है, जो अच्छा माना जाता है।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव में पंचाभिषेक आदि के लिए संस्थान अध्यक्ष नृत्य गोपालदास मंगलवार को मथुरा पहुंच रहे हैं। विदित हो कि उन्हें अयोध्या में परिक्रमा के दौरान हिरासत में लिया गया था, लेकिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के लिए रिहा कर दिया गया।

प्रभु को अर्पित पुष्प मध्यरात्रि बाद वितरित होंगे श्रीकृष्ण जन्म स्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा के अनुसार, मंदिर में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। नंगे पैर आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए जूट की मैटिंग बिछवाई जा रही है। गर्भगृह में दर्शन के दौरान घुटन महसूस न हो, इसके लिए ब्लोअर लगवाया जा रहा है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित 1008 पुष्प श्रृंगार आरती यानि रात्रि में 12.50 बजे के बाद भागवत भवन में श्रद्धालुओं को वितरित किए जाएंगे। मंदिर ठाकुर केशव जी महाराज विराजमान मल्लपुरा में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात्रि दस से ग्यारह बजे तक ठाकुर जी का महाभिषेक, जन्म के दर्शन रात्रि बारह बजे तथा नंदोत्सव 29 अगस्त को प्रात नौ बजे से होगा।

error: Content is protected !!