मोदी से डरे कांग्रेसी सांसद लड़ना चाहते थे विस चुनाव!

Narendra-modi-poster-newजयपुर। इसे नरेंद्र मोदी फैक्टर कहें या फिर लोकसभा चुनाव में टिकट न मिलने की आशंका। राजस्थान के एक दर्जन कांग्रेस सांसद विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं पर पार्टी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी के इन्कार ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। अब ये अपने रिश्तेदारों अथवा चहेतों को टिकट दिलाने के लिए पार्टी पर दबाव बना रहे हैं।

विस चुनाव लड़ने के इच्छुक सांसदों में सबसे पहला नाम राष्ट्रीय महासचिव सीपी जोशी का है। जोशी अपने गृह क्षेत्र नाथद्वारा से विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते थे, उन्होंने इसके संकेत अपने समर्थकों को दे दिए थे। लेकिन प्रदेश चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनकी बात नहीं बन पाई। माना जाता है कि चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष मुख्यमंत्री पद की दौड़ में होता है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस प्रयास में काफी समय से लगे थे कि जोशी विस चुनाव नहीं लड़ पाएं। गहलोत ने इसके लिए दिल्ली में अपने संबंधों का सहारा भी लिया, लेकिन राहुल से निकटता के चलते जोशी चुनाव लड़ने के लिए अड़े हुए थे। हालांकि राहुल गांधी ने ही उन्हें चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी।

जोशी के अलावा महेश जोशी, लाल चंद कटारिया, महादेव सिंह खंडेला, ताराचंद भगोरा समेत दर्जनों सांसद ऐसे थे जो इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा मन में संजोए हुए थे। मगर पार्टी ने इन्हें सांसद ही बने रहने को कहा है। सूत्रों के मुताबिक इसकी सबसे बड़ी वजह मोदी फैक्टर बताया जा रहा है। राजस्थान के कुछ सांसदों को आशंका सता रही है कि शायद इस बार लोकसभा चुनाव में उन्हें पार्टी उम्मीदवार न बनाए, अथवा वे चुनाव लड़े तो भी विजयी होना मुश्किल होगा। लिहाजा विधानसभा चुनाव में हाथ आजमाना उन्हें फायदे का सौदा दिख रहा है। लेकिन अब राहुल के फैसले से इनकी उम्मीदें खत्म हो गई।

error: Content is protected !!