अजमेर। जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा है कि अजमेर शहर के सौन्दर्यीकरण व सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान को और गति देने के लिए निगम कचरा परिवहन के साथ-साथ सफाई के संसाधन भी बढ़ाए तथा कार्यो में गति लाएं। श्री गालरिया ने कलक्ट्रेट के समिति कक्ष में आयोजित सफाई अभियान संबंधी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निगरानी कर रहे अधिकारियों से भी कहा कि वे इस अभियान में और गति लाए।
उन्होंने अजमेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अजमेर शहर के सौन्दर्यीकरण के लिए बनाई गई कार्य योजना को लागू करे ओर ये सौन्दर्यीकरण सभी नागरिकों को नजर आना चाहिए। उन्होंने सभी डिवाइडर सड़क की मरम्मत का कार्य भी युद्घ स्तर पर कराने को कहा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि शहर में सफाई अभियान का प्रभाव दिखने लगा है और आगामी एक सप्ताह में शहर को स्वच्छ बनाने में सभी के सहयोग से कामयाबी मिलेगी।
नगर निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री हरफूल सिंह यादव ने बताया कि निगम में 1800 सफाई कर्मचारी कार्य कर रहे है इनमें 600 निगम के स्थाई है और शेष ठेकेदार के द्वारा लगाये गए हैं। शहर के 55 वार्ड में से 8 वार्ड में नगर निगम द्वारा सफाई का कार्य कराया जा रहा है। शेष 47 वार्ड में ठेकेदार के माध्यम से सफाई व्यवस्था को अंजाम दिया जा रहा है। आठ वार्ड में डोर टू डोर कचरा उठाया जा रहा है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।