हेरिटेज स्वरूप को सुरक्षित बनाए रखें – गालरिया

vaibhav galariya 6अजमेर। जिला कलक्टर श्री वैभव गालरिया ने कहा कि शहर का हेरिटेज स्वरूप सुरक्षित रखना आवश्यक है। हवेलियों का बाहरी स्वरूप मूल रूप में सुनिश्चित बनाए रखने हेतु नगर निगम द्वारा बिल्डिंग बायलॉज में हवेलियों के हेरिटेज स्वरूप को सुरक्षित रखने के प्रावधान की पालना तय की जानी चाहिए।
श्री गालरिया आज जिला कलेक्टे्रट सभागार में जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर के हेरिटेज स्वरूप के संरक्षण के साथ साफ-सफाई पर भी ध्यान देना आवश्यक है जिससे यहां आने वाले पर्यटक शहर की स्वच्छ छवि लेकर जाएं। इस अवसर पर श्री गालरिया ने सूफी संता ख्वाजा मुईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जायरीनों की सुविधा हेतु स्वीकृत 4.83 करोड रूपए के कार्यो को गति देने की बात कही एवं पुरातत्व विभाग को अकबर के किले का नाम उसके मूल नाम से करने एवं आनासागर की सफाई करने हेतु नगर निगम को निर्देशित किया।
पर्यटक अधिकारी श्री रतलनलाल तुनवाल के अनुसार बैठक में बूढा पुष्कर की नियमित सफाई व्यवस्था नगरपालिका पुष्कर द्वारा करने एवं बूढा पुष्कर सरोवर के संरक्षण की योजना हेतु अजमेर विकास प्राधिकरण को सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने हेतु निर्देश दिए गए। तारागढ में नई फ्लड लाईटो के प्रस्ताव, पुष्कर में कांजी हाउस का निर्माण नगर पालिका द्वारा करने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुष्कर में 50 हेक्टर क्षेत्र में वन विभाग द्वारा बायलॉजिकल पार्क व पंचकुंड क्षेत्र में ईको टूरिज्म का विकास वन विभाग द्वारा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुष्कर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मंजू कुर्डिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री जेड बी मिर्जा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्री महेंद्र प्रकाश शर्मा, उपखंड अधिकारी अजमेर डॉ. राष्ट्रदीप यादव, सहायक वन संरक्षक श्री किशोर गुप्ता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

error: Content is protected !!