भाजपा के टीकम चन्द चौधरी अजमेर उप जिला प्रमुख निर्वाचित

bjpअजमेर। भारतीय जनता पार्टी के टीकम चन्द चौधरी अजमेर जिला परिषद के उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुए है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर डॉ. आरूषी मलिक ने नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख टीकम चन्द चौधरी को शपथ दिलवायी।
भाजपा के लिए यह उपलब्धि रही कि जिला परिषद में भाजपा के 23 सदस्य चुनाव जीतकर आए और उप जिला प्रमुख के चुनाव में उनके प्रत्याशी चौधरी को 23 मत ही मिले। 32 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा के 23 और कांग्रेस के 9 सदस्य हैं। इससे पहले शनिवार को भाजपा की वंदना नोगिया निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुई थी। जिला प्रमुख का पद एससी महिला के लिए आरक्षित था और कांग्रेस में एक भी एससी महिला चुनाव जीतकर नहीं आई थी। उप जिला प्रमुख के लिए भाजपा के टीकम चंद चौधरी, दिनेश प्रजापत विजय सिंह मेहरात और कांग्रेस से संजू चौधरी ने जिला निर्वाचन अधिकारी आरुषि मलिक के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड 25 से भाजपा के सदस्य रामधन के लिए उनके परिजन भी नामांकन पत्र लेकर गए, लेकिन निर्धारित समय निकल जाने के कारण उन्होंने नामजदगी का पर्चा जमा ही नहीं करवाया। चौधरी के प्रस्तावक शमशेर सिंह, प्रजापत की प्रस्तावक संतोष गोयल, मेहरात की प्रस्तावक किरण जेदिया और कांग्रेस की संजू चौधरी के प्रस्तावक राम रघुनाथ बराला थे। सबसे पहले विजय सिंह और दोपहर पौने एक बजे दिनेश प्रजापत ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। इस पर टीकम चौधरी भाजपा से अकेले मैदान में रह गए और उनका मुकाबला कांग्रेस की संजू चौधरी से हुआ। दोपहर तीन बजे भाजपा के सभी 23 मतदाता एक साथ वोट देने के लिए जिला परिषद पहुंचे। उसके बाद कांग्रेस के 5 सदस्य वोट देने आए। कांग्रेस के 4 सदस्य शाम पौने 5 बजे वोट देने जिला परिषद पहुंचे। सभी सदस्यों द्वारा मताधिकार का उपयोग करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी आरुषि ए. मलिक उप जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कुमार ने मतगणना शुरू की। इसमें भाजपा के टीकम चौधरी को 23 कांग्रेस की संजू चौधरी को 9 मत मिले। जिला निर्वाचन अधिकारी ने टीकम चौधरी को विजयी घोषित कर शपथ दिलवाई। केंद्रीय मंत्री सांवर लाल जाट, शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, विधायक शंकर सिंह रावत, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष बीपी सारस्वत आदि मौजूद थे। कांग्रेस की तरफ से देहात उपाध्यक्ष बीरम सिंह रावत सौरभ बजाड़ ने कमान संभाल रखी थी।

error: Content is protected !!