राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम रहा ब्यावर का छात्र
ब्यावर। केंद्रीय विद्यालय संगठन नई दिल्ली की ओर से आयोजित जवाहरलाल नेहरु नेशनल साइंस एण्ड मैथेमेटिकल, एनवायरमेंटल एग्जीबिशन (जेएनएनएसएमईई) में ब्यावर के 14 वर्षीय होनहार छात्र लोकेश दाधीच ने राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। अब लोकेश राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा।
उदयपुर में हाल ही आयोजित हुई इस विज्ञान प्रदर्शनी में प्रदेश के सभी जिलों से 330 मॉडल शामिल हुए थे। विशेषज्ञों की टीम ने सभी मॉडल का अवलोकन करने के बाद लोकेश द्वारा बनाए गए मॉडल ‘सर्क्युलर जियो बोर्ड’ को सराहा और विजेता घोषित किया। केंद्रीय विद्यालय की नवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्र लोकेश ने बताया कि ‘सर्क्युलर जियो बोर्ड’ ऐसा मॉडल है जो आने वाले वक्त में आर्किटेक्ट के लिए डिजाइनिंग में मददगार होगा। इस मॉडल के जरिए मकान, हाउसिंग रेजीडेंस, कॉम्पलैक्स और बड़े मॉल का नक्शा बनाकर मूर्त रूप देने में कारगर साबित होगा। उनका मानना है कि वर्तमान में भवन निर्माण में होने वाली खामियों की अधिकांश वजह यही है कि आर्किटेक्ट या बिल्डर भवन निर्माण में उचित माप नहीं जान पाते। इस मॉडल में गणित के जटिल समीकरणों को आसान करके समझाया गया है। इसमें एक वृत्ताकार चक्र के माध्यम से त्रिभुज, वर्ग, आयत की आकृति बनाई। इसमें चतुर्थ कोणों का मान 360 डिग्री बताया। साथ ही अपने प्रयोग के जरिए आमने-सामने के कोणों का मान 180 डिग्री सिद्ध किया। जिसे विशेषज्ञ निर्णायकों ने खूब सराहा। लोकेश के पिता रमेशचंद्र दाधीच सरकारी विद्यालय में अंग्रेजी व्याख्याता व माता धीरज निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। लोकेश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व बहनों को दिया है। लोकेश ने प्राचार्य राजेश कंथारिया, शिक्षिका नेहा खंडेलवाल व सहपाठी तरुण सिंह को मॉडल बनाने में प्रेरक व मार्गदर्शक बताया।
-सुमित सारस्वत, ब्यावर
