भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि

ajअजयमेरू प्रेस क्लब में गुरुवार को दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद्र अग्रवाल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सर्वप्रथम प्रेस क्लब के पूर्व चेयरमैन नरेंद्र सिंंह चौहान ने रमेशचंद्र अग्रवाल की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इसके बाद आयोजित सभा में महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री अनिता भदेल ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रमेशचंद्र अग्रवाल का असामयिक निधन संपूर्ण मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अख्तर इंसाफ ने कहा कि दैनिक भास्कर ने पूरे देश में लोकप्रियता हासिल की है, यह अब वट वृक्ष है और पत्रकारिता के सभी नए प्रयोग इसमें समाहित है। पूर्व सभापति सुरेंद्र शेखावत ने कहा कि रमेशचंद्र अग्रवाल की बदौलत आज पूरे विश्व में भास्कर चौथे स्थान पर है। भाजपा शहर अध्यक्ष अरविंद यादव ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आज भास्कर जन-जन में लोकप्रिय अखबार है। रमेशचंद्र अग्रवाल ने भास्कर को नई ऊंचाइयां दी। कांग्रेस शहर अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि रमेशचंद्र अग्रवाल का असामयिक निधन मीडिया जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। पत्रकारिता के क्षेत्र मे रमेशचंद्र अग्रवाल द्वारा दिए गए योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। देहात कांग्रेस उपाध्यक्ष इंसाफ अली और प्रद्युम्न सिंह ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दैनिक भास्कर पाठकों की पसंद है और रमेशचंद्र अग्रवाल ने काफी संघर्ष कर अखबार को नई ऊंचाइयां दी। पूर्व उपमहापौर सोमरत्न आर्य, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सबा खान, इंटैक अजमेर चैप्टर के संयोजक महेंद्र विक्रम सिंह ने भी संवेदना व्यक्त की। प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सिंह चौहान ने भास्कर के अजमेर के सफर अौर इसे स्थापित करने में रमेशचंद्र अग्रवाल के संघर्ष के बारे में बताया। उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भास्कर को रमेशचंद्र अग्रवाल ने काफी ऊंचाइयां दी। अजयमेरू प्रेस क्लब के अध्यक्ष व दैनिक भास्कर अजमेर संस्करण के संपादक डॉ. रमेश अग्रवाल ने कहा कि रमेशचंद्र अग्रवाल के साथ उन्होंने काम किया, यह उनका सौभाग्य है। उन्होंने दैनिक भास्कर का एक बीज बोया था, जो अब वटवृक्ष बन चुका है। पूरा भास्कर समूह एक परिवार है। दैनिक भास्कर अपने नए नए प्रयोगों के लिए हमेशा पहचाना जाता है। पाठकों के दिलों में इस अखबार ने जगह बनाई है। महासचिव राजेंद्र गुंजल ने संचालन करते हुए मीडिया में रमेशचंद्र अग्रवाल के योगदान और नए प्रयोगों के बारे में बताया। सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखा गया और रमेशचंद्र अग्रवाल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर विनीत लोहिया, गिरधर तेजवानी, प्रताप सनकत, सुरेश कासलीवाल, अनिल गुप्ता, एसएन जाला, राजकुमार पारीक, भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक गोपाल बंजारा, कांग्रेस मीडिया प्रभारी अंकुर त्यागी सहित शहर के गणमान्य लोग, प्रेस क्लब के सदस्य उपस्थित थे।

error: Content is protected !!