अजमेर। नवरात्रा के दौरान गुजरात की संस्कृति राजस्थान की धरा पर उतर आयी है। इस दौरान युवक युवतियां डांडिया और गरबा खेल कर मां की आराधना में लीन हैं। शहर के अनेक इलाकों में गरबा रास ओर डांडिया के आयोजन किये जा रहे हैं। नगर निगम की ओर से मोइनिया इस्लामिया स्कूल मैदान में तो चित्रकूट, राजीव गंाधी कॉलोनी, जौन्सगंज, कमला बावड़ी, कुन्दन नगर, गडवाल गार्डन, तोपदडा, देवा पैलेस, राजा साइकिल चौराहा पर अन्य संस्थाओं के तत्त्वावधान में हो रहे गरबा रास के आयोजन में क्षेत्रीय युवक युवतियां बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सोमवार को मोईनिया इस्लामिया स्कूल में गरबों के दौरान स्वामी समूह के सीएमडी कंवल प्रकाश किशनानी, प्रियंका किशनानी, ईश्वर मनोहर उदासीन आश्रम के महन्त स्वामी स्वरूपदास, निगम मेयर कमल बाकोलिया, पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने मां अम्बे की आरती कर डांडिया रास का शुभारम्भ किया।
माकडवाली रोड़ स्थित भक्तिधाम में चल रहे गरबा महोत्सव के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित भाजपा पदाधिकारियों ने शिरकत कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी जवाहर नगर स्थित बी पी सारस्वत के निवास स्थान पहुंचे, जहां उनका भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद चतुर्वेदी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ चौपाटी पहुंचे और आनासागर झील को निहारा।