विकास के मुद्दे पर खुली बहस करे कांग्रेस- देवनानी

शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा, साढ़े तीन साल में हुए 6500 करोड़ के विकास कार्य
झूठ बोलती है कांग्रेस, इसीलिए जनता ने किया था सत्ता से बाहर

प्रो. वासुदेव देवनानी
प्रो. वासुदेव देवनानी
अजमेर, 03 नवम्बर। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस को विकास के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के नेतृत्व में पिछले साढ़े तीन साल में अजमेर जिले में 6500 करोड़ रूपये के विकास कार्य हुए हैं। कांग्रेस झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करना चाहती है लेकिन जनता बहकावे में आने वाली नहीं है। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और साम्प्रदायिकता की जो राजनीति की उसे जनता बहुत अच्छे तरह से जानती है, इसीलिए कांग्रेस को देश व प्रदेश की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया गया।
शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट द्वारा अजमेर में विकास पर सवाल खड़े करने पर पूरी कांग्रेस को खुली बहस की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सब जानते है कि किसने कितने काम किया। हमने यहां 6500 करोड़ रूपये तो सिर्फ शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास पर ही लगा दिये। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां विकास कार्य नहीं हुए हो। सड़क, पानी, बिजली सहित शहरों और गांवों के उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत् विकास कार्य करवाये गये है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत् बड़ी संख्या में आमजन को राहत मिली है। भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजश्री योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, अन्नपूर्णा भण्डार, आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालय, न्याय आपके द्वार, ग्रामीण व शहरी गौरव पथ, मुख्यमंत्री हमारी बेटी योजना, राजस्थान सम्पर्क पोर्टल, सी.एम. हैल्प लाईन सहित कई ऐसी योजनाऐं है जिससे बड़ी संख्या में आमजन को लाभ पहुंचा है।
श्री देवनानी ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान की शिक्षा को गर्त में पहुंचा दिया था। हमने शिक्षा एवं शिक्षकों की उन्नति के लिए जो काम किया वह आज सभी की जुबान पर है। भाजपाराज में शिक्षा विभाग में 60000 शिक्षकों की भर्ती व एक लाख से अधिक शिक्षकों को पदौन्नति दी गई, 5000 से अधिक विद्यालय क्रमोन्नत किये गये, प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कक्षा 1 से 12 तक की शिक्षा एक ही विद्यालय मंे करने सहित कई ऐसी उपलब्धियां है जिन्होने राजस्थान को सरकारी स्कूलो की तकदीर बदल दी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमारे संगठनात्मक ढांचे पर टिप्पणी कर रही है जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस खुद हमारी नकल कर बूथ ईकाईयों तक जाने की बात कर रही है। कांग्रेस अध्यक्ष पायलट पर पलटवार करते हुए देवनानी ने कहा कि अजमेर पायलट का भी गृह क्षेत्र है, वे बताए कि यहां से चुनाव हारने के बाद पायलट कितनी बार जनता का सुख-दुःख जानने आये।

error: Content is protected !!