अजमेर। पूर्व विधायक डॉ.श्रीगोपाल बाहेती ने सूचना केन्द्र की प्रदर्शनी दीर्घा में ”मोहन से महात्मा” प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन दर्शन व सिद्घान्तों पर जारी डाक टिकटों का प्रदर्शन किया गया।
गांधी जीवन दर्शन समिति के तत्वावधान में अजयमेरू फिलेटिकल सोसायटी, अजमेर के महासचिव श्री बी.एल.साहू द्वारा लगाई गई इस प्रदर्शनी में लगभग 140 देशों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर जारी विशेष व प्रथम दिवस आवरण पिक्चर पोस्ट कार्ड्स, बुकलेट्स, स्टिकर्स,लेबल्स व विभिन्न प्रकार की डाक सामग्री का एकल प्रदर्शन लगभग 150 शीटो में किया गया। जिसका उद्देश्य जन जीवन में महात्मा गांधी के सिद्घान्तों का प्रचार तथा उपयोगिता दर्शन तथा जन-जन में इस बात का संदेश देना कि गांधी जी का व्यक्तित्व तथा उनके सिद्घान्त आज भी प्रासंगिक हैं।
विशेषकर छात्र-छात्राओं,युवा पीढ़ी व गांधीवादी विचार के लोगों में इस बात की जागृति उत्पन्न करना है कि वस्तुत: आज भी गांधी जी के सिद्घान्तों की आवश्यकता है जिसका अनुसरण दिया जाना चाहिये।
इस अवसर पर अजयमेरू फिलेटेलिक सोसायटी के श्री बी.एन.साहू, श्री महेन्द्र विक्रम सिंह तथा गांधी जीवन दर्शन समिति के समन्वयक श्री शक्ति प्रताप सिंह, श्री उमेश शर्मा आदि उपस्थित थे। अनेक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।