अजमेर। राजस्थान अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष मुमताज मसीह का दावा है की चार नवम्बर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता में खासा उत्साह है। मसीह शुक्रवार को अजमेर में रैली के सम्बन्ध में सेवादल की बैठक लेने आये थे। कांग्रेस सेवादल की बैठक को संबोधित करते हुए मसीह ने कहा की जिस तरह से विपक्षी पार्टियां अपने आपको पाक साफ बता कर कांग्रेस पर झूठे आरोपों के सहारे देश का माहौल बिगाडऩे में जुटी हुई हैं, उसे देखते हुए यह रैली बहुत ही महत्वपूर्ण है। मसीह ने सेवादल को निर्देश दिए हैं कि अजमेर से दिल्ली जाने वाली हर बस में दो सेवादल के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं के लिए नियुक्त किए जाएं। मसीह ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया की दिल्ली की रैली को लेकर कांग्रेसियों में उत्साह है और लक्ष्य से ज्यादा कार्यकर्ता रैली में भाग लेने जायेंगे। इस अवसर पर मुमताज मसीह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह रलावता और सेवादल के मुख्य संगठक शैलेन्द्र अग्रवाल ने दिल्ली रैली बाबत एक पोस्टर का भी विमोचन किया।