प्रकृति प्रेमियों के लिए आदर्श होगा नगर वन उद्यान

वन विभाग को दिए कामकाज में गति लाने के निर्देश
1.5 करोड़ की लागत से शास्त्री नगर में बन रहा है उद्यान
नेचर और एडवेंचर वॉक होंगे आकर्षण, शहर का सबसे बड़ा घास का मैदान
एक किलोमीटर लम्बा वॉकिंग और रनिंग ट्रेक, बच्चों के खेलने के लिए झूले और ईको हट

अजमेर, 5 अप्रैल। मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे की अभिनव सोच के तहत शास्त्री नगर में तैयार किया जा रहा नगर वन उद्यान शहर के प्रकृति प्रेमियों के लिए एक अनूठा उपहार होगा। नेचर और एडवेंटर वॉक का शौक रखने वाले नागरिक यहां अपने आपको प्रकृति के नजदीक पाएंगे तो स्वास्थ्य के प्रति सजग लोगों के लिए एक किलोमीटर से लम्बा वॉकिंग और रनिंग ट्रैक बनाया जा रहा है। बच्चों के लिए झूले, ईको हट और शहर का सबसे बड़ा घास का मैदान भी उद्यान की खासियत होगी।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज वन विभाग के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन नगर वन उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कामकाज में गति लाई जाए। पौधरोपण का काम वर्षा ऋतु से पूर्व करा लिया जाए ताकि हरियाली और पौधों को फायदा हो। उन्होंने उद्यान की चारदीवारी तथा अन्य कामों की भी जानकारी ली।
श्री देवनानी ने बताया कि शास्त्री नगर में बन रहा नगर वन उद्यान शहर के प्रकृति प्रेमियों को बहुत पसंद आएगा। यहां कच्चे-पक्के रास्तों से एक किलोमीटर से अदिक लम्बा ट्रेक तैयार किया जा रहा है। रनिंग और वाकिंग सहित खिलाडियों को ट्रेनिंग के लिए यह अच्छी जगह साबित होगी। नागरिक पहाड़ी पर एडवेंचर और नेचर वॉक और ट्रेकिंग का आनंद भी ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से यह उद्यान अगस्त तक पूरा हो जाएगा। अगस्त से ही इसे शहर के लोगों के लिए खोल दिया जोएगा। यहां पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए दो छोटे बांध और चार टैंक बनाए गए हैं। छोटे बच्चों के लिए एक स्पेशल जोन बनाया जा रहा है जिसमें झूले और अन्य खेल सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही यहां पर शहर के सभी उद्यानों से बड़ा घास का मैदान तैयार किया जा रहा है जो आने वाले लोगों को आकर्षित करेगा।
श्री देवनानी ने बताया कि सरकार द्वारा शहर के लोगों को उनके घर के आसपास भ्रमण की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस पार्क की अवधारणा विकसित की गई है। यह पार्क शहर के लोगों को सरकार की ओर से बड़ी सौगात साबित होगा। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्री राजेंद्र सिंह एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!