शिक्षा राज्यमंत्री ने किया निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण
अधिकारियों को दिए पूरे मैदान के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश
अजमेर, 9 अप्रैल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि सिविल लाइंस स्थित जवाहर स्कूल का खेल मैदान शीघ्र ही शहर के नए स्पोर्ट्स हब के रूप में पहचाना जाएगा। यहां एक करोड़ की लागत से इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इस स्टेडियम में बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग, कुश्ती एवं अन्य इनडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही बाहर का खुला मैदान बास्केटबॉल, टेनिस, फुटबॉल, हॉकी व अन्य खेलों के लिए विकसित किया जाएगा।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री देवनानी ने आज सिविल लाइंस में राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंडोर स्टेडियम के निर्माण में गुणवत्ता तथा खेल मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। यह स्टेडियम स्कूल से अलग पूरे शहर के लोगों को उपलब्ध होगा लिहाजा सम्पूर्ण मानकों के अनुसार तैयार किया जाए।
श्री देवनानी ने कहा कि लम्बे समय से शहर में विभिन्न स्थानों पर खेल गतिविधियों के लिए जगह की कमी महसूस की जा रही थी। ऎसे में यह नया स्टेडियम स्पोर्टस हब के रूप में विकसित होगा। इस इनडोर स्टेडियम में मुख्य रूप से बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग एवं कुश्ती सहित अन्य इनडोर खेलों का आयोजन एवं प्रशिक्षण किया जा सकता है। इसके साथ ही बाहर की खाली भूमि को बॉस्केटबाल एवं अन्य आउटडोर खेलों के लिए विकसित किया जाएगा। साथ ही जवाहर स्कूल का मुख्य मैदान रनिंग ट्रैक, फुटबॉल व हॉकी के खेल मैदान के लिए विकसित होगा। सिविल लाइंस शहर के खेल प्रेमियों के लिए सरकार की सौगात होगी। शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि इनडोर स्टेडियम जुलाई तक तैयार कर लिया जाएगा। यह अगस्त से खेलों के लिए उपलब्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इनडोर स्टेडियम के अतिरिक्त पूरे मैदान के लिए योजना बना कर प्रस्तुत करें। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी अभिमन्यू चौधरी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
शहर में उपलब्ध होगी उच्च गुणवत्ता की बिजली – श्री देवनानी
महाराणा प्रताप नगर में नए जीएसएस का शिलान्यास
25 करोड़ की लागत से बनेंगे 7 नए जीएसएस
अजमेर, 9 अप्रैल। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर में उच्च गुणवत्ता एवं पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा सैकड़ों करोड़ रुपए के काम करवो गए हैं। हाल ही में आईपीडीएस योजना के तहत अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25 करोड़ रुपए की लागत से 7 नए जीएसएस स्वीकृत किए गए हैं। शीघ्र ही शहर में विद्युत उपलब्धता व गुणवत्ता में और सुधार होगा।
शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री श्री वासुदेव देवनानी ने आज महाराणा प्रताप नगर में 3.15 करोड़ की लागत से बनने वाले जीएसएस का शिलान्यास किया। उनके साथ महापौर श्री धमेर्ंद्र गहलोत एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर की विद्युत आपूर्ति सुधारने के लिए पिछले चार साल में राज्य सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपए के काम करवाए हैं। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वाडोर्ं में विद्युत लाइनों का दुरुस्तीकरण किया गया है। मुख्य मागोर्ं पर अंडरग्राउंड केबलिंग के काम करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही है। सभी क्षेत्रों में बिना भेदभाव के काम करवाए गए हैं। श्री देवनानी ने क्षेत्र के लोगों से कहा कि उच्च गुणवत्ता की विद्युत के लिए यह काम करवाए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को उनकी समस्या समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद श्री महेंद्र जैन मित्तल, राजकुमार ललवानी एवं अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।