सिलिकॉसिस रोगियों के प्रकरण संवेदनशीलता बरतते हुए निपटाएं

अजमेर, 27 अगस्त। जिला कलक्टर आरती डोगरा ने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के सिलिकॉसिस रोग से पीड़ित मरिजों के प्रकरणों को संवदेनशीलता के साथ निपटाकर उन्हें राहत प्रदान करें।

जिला कलक्टर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी। उन्होंने खान एवं श्रम विभाग के अधिकारियों को प्रकरण तैयार करने में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए ताकि पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इस संबंध में गाईड लाइन का अवलोकन कर लें। उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों से कहा कि इस संबंध में वे अलग से शिविर लगाकर मामले निपटाएं तथा प्रति सप्ताह समीक्षा भी करें। यदि कोई मरीज आता है तो उसे एनएफएसए मे दर्ज भी कराएं।

जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गौशाला अनुदान का अभी तक जिन्होंने राशि उपयोगिता प्रमाएा पत्र नहीं भिजवाया है वे तत्काल भिजवावें। वहीं राजस्व न्यायालयो में निर्णित प्रकरणों में नामांतरण कर अमल दरामद की कार्यवाही भी तत्काल करें। उन्होंने पेंशन प्रकरणों का आगामी 15 दिवस में भौतिक सत्यापन करने के निर्देश देते हुए कहा कि नई पेंशन योजना में 30 दिन से अधिक अवधि के बकाया प्रकरणों को तत्काल निपटाया जाए। पालनहार योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में आपत्ति लगने के कारण बकाया चल रहे है उन्हों प्राथमिकता से निपटावें। प्रत्येक उपखण्ड का कोई पात्र बच्चा छूटे नहींं, ये उपखण्ड अधिकारी सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभान्वितों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला रसद अधिकारी को निर्देशित किया।

उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों से कहा कि वे अपने उपखण्ड क्षेत्र में शहीद स्मारक के लिए भूमि आवंटन के बकाया प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करें। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाया जाए। न्याय आपके द्वार अभियान के राजस्ववादों को पोर्टल पर डाले तथा एक अप्रेल 2012 से पूर्व के प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाए। उन्होंने कहा कि पुराने प्रकरणों की सुनवाई नियमित रूप से हो। अतिक्रमणों को हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा नियम 91 के प्रकरणों को तत्काल निपटाया जाए। उन्होंने कहा कि जो भी रजिस्ट्री होती है उसका रजिस्टर संधारित किया जाए तथा नामान्तरकरण भी हाथों हाथ खोला जाए। उन्होंने भू-आवंटन एवं परिवर्तन के प्रकरणों को एक सप्ताह के अन्दर भेजने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने अवैध खनन की रोकथाम के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 405 प्रकरण बनाए जाकर 2 करोड़ 69 लाख रूपए की वसूली अब तक की जा चुकी है। बनाए गए प्रकरणों में 17 लोगों के खिलाफ पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट भी दर्ज करायी गई है। जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारियों को आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों के संबंध में कहा कि वे प्रत्येक बूथ पर निरीक्षण करते हुए बूथ पर रैम्प, शौचालय एवं पानी, बिजली की सुविधाएं सुनिश्चित करें तथा इसकी जानकारी गुगल ड्राईव एवं ईआरओ नेट पर भी अपलोड करें ।

उन्होंने अपने -अपने क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर्स की सूची तैयार करने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक बीएलओ के पास विकलांगों की सूची उपलब्ध रहे। दिव्यांगों को मतदान के लिए क्या सुविधाएं चाहिए व चिन्हित करके रखे। दिव्यांगों को वीवीपेट की जानकारी के लिए पृथक से शिविर भी लगाए जाए। उन्होंने स्वीप गतिविधियों को तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों विशेषकर पंचायत समिति सदस्यों को भी शिविर लगाकर वीवीपेट की जानकारी दी जाए। साथ ही महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लब भी खोले जाए।

जिला कलक्टर ने कर्मचारियों बकाया पेंशन प्रकरणों को शीघ्र तैयार करने तथा लोकायुक्त सचिवालय के लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंनेे राजस्व विभाग में बकाया चल रहे प्राथमिक जांच के प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ऎसे प्रकरण जो 6 माह से ऊपर से बकाया है उन्हें 10 दिवस में निस्तारित करें। उन्होंने सीमा ज्ञान के प्रकरणों को भी समय पर निपटाने के निर्देश दिए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन श्री एम.एल.नेहरा, अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय श्री अबु सूफियान चौहान, उप वन संरक्षक श्री अजय चितौड़ा, समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

error: Content is protected !!