अजमेर, 29 अक्टूबर । ख्वाजा साहब के गद्दीनशीन एस.एफ. हसन चिश्ती ने बताया कि मोहर्रम के उपलक्ष में चहलुम के अवसर पर आज दरगाह के मुख्य द्वार से रात्रि 9.30 बजे फूल प्याले शरीफ की सवारी निकलेगी जो कि मर्सिहे पढ़ते हुए जुलूस के रुप में लंगरखाना गली, छतरी गेट, डोलीवाला चौक होते हुए रात 12 बजे मुख्य इमाम बारगाह पर फूल प्याले शरीफ रख दिये जायेंगे। कल पुन: रात्रि साढ़े नौ बजे मुख्य इमाम बारगाह से फूल प्याले शरीफ की सवारी होगी जो कि मर्सिहे पढ़ते हुए इन्हीं मार्गों से सुबह चार बजे झालरा दरगाह परिसर में फूल प्याले शरीफ सैराब कर दिये जायेंगे। उल्लेखनीय है कि हजरत इमाम हुसैन व 72 शौहदा-ए-करबला की याद में 40 दिन तक होने वाले कार्यक्रम चहलुम के बाद समाप्त हो जाते है। अगला चांद बारावफात का दिखने के बाद खुशी के कार्य शुरु हो जायेंगे। क्योंकि बारावफात के माह में पैगम्बर इस्लाम का जन्मोत्सव मनाया जाता है।