बुधवार को 6 स्थानों पर लगेंगे कृषि फसल ऋण माफी शिविर

अजमेर, 26 फरवरी। राज्य सरकार के निर्देशानुसार कृषि फसल ऋण माफी शिविर के द्वितीय चरण में बुधवार 27 फरवरी को 6 स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि बुधवार को शोकलिया, दौलतपुरा प्रथम, मोटालाव, करकेडी, रामसर तथा फतेहगढ़ में ऋण माफी शिविर लगेंगे। शिविरों के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर दिए गए है।
जिला कलक्टर ने बताया कि नियुक्त किए गए प्रभारी अधिकारी शिविरों के सफल संचालन के लिए जीएसएस व्यवस्थापक और सीसीबी के अधिकारियों के साथ बैठक कर ऋण प्रपत्र-1 को जारी किए जाने की प्रक्रिया को पूरा किया जाना सुनिश्चित करेंगे। वे जीएसएस से संबंधित बैंक की शाखा पर संधारित ऋण वितरण रजिस्टर से लाभार्थियों के नाम और उनको दिए गए ऋण का सत्यापन शत प्रतिशत करेंगे। समस्त पात्र किसानों के डाटा फीडिंग/वैलिडेशन, लोन सुपरवाईजर/पैक्स मैनेजर के द्वारा दो दिवस में किया जाना सुनिश्चित करेंगे और सभी काश्तकारों का आधार सत्यापन किया जाना भी सुनिश्चित करेंगे।

जिला स्तरीय संवीक्षा एवं स्वीकृति समिति की बैठक निर्धारित
अजमेर, 26 फरवरी। राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड अजमेर के माध्यम से वर्ष 2018-19 में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति / जनजाति वित्त एवं विकास निगम के तहत प्राप्त ऋण आवेदन पत्रों के चयन पर विचार हेतु जिला स्तरीय संवीक्षा एवं स्वीकृति समिति की बैठक 27 फरवरी को 11.30 बजे एवं राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी / अन्य पिछड़ा वित्त एवं विकास निगम के तहत प्राप्त ऋण आवेदन पत्रों के चयन पर विचार हेतु जिला स्तरीय संवीक्षा एवं स्वीकृति समिति की बैठक 28 फरवरी को 11.30 बजे अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में पुरानी डीआरडीए बिल्डिंग कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की जाएगी।
निगम के परियोजना प्रबंधक श्री एन.के.गुप्ता ने बताया कि ऋण आवेदनकर्ता जिन्होंने ऋण हेतु आवेदन पत्र निगम कार्यालय में प्रस्तुत किए है वे उनके प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न किए गए प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां एवं अन्य प्रमाण पत्र जो कम पाए गए है। आय प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, स्वयं का शपथ पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाईसेंस, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र इत्यादि के साथ उक्त दिनांक एवं समय पर जिला स्तरीय संवीक्षा एवं स्वीकृति समिति के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित होवें आपके उपस्थित नहीं होने पर उनके ऋण आवेदन पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा।

महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम
चार पंचायत समितियों में 5 करोड़ 3 लाख 22 हजार के 46 कार्य स्वीकृत
अजमेर, 26 फरवरी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी स्कीम के तहत पंचायत समिति केकड़ी, मसूदा, सिलोरा एवं पीसांगन में 5 करोड़ 3 लाख 22 हजार रूपए के 46 विकास कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि केकड़ी पंचायत समिति में 12 कार्यों के लिए एक करोड़ 27 लाख 27 हजार रूपए स्वीकृत किए है। जबकि मसूदा़ में एक करोड़ 23 लाख रूपए के 13 कार्य, सिलोरा में 86 लाख 67 हजार रूपए के 5 कार्य तथा पीसांगन में एक करोड़ 67 लाख 28 हजार रूपए के 16 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई।

विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम
दो विकास कार्यों के लिए 4.76 लाख स्वीकृत
अजमेर, 26 फरवरी। विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत नसीराबाद के पूर्व विधायक श्री राम नारायण गुर्जर की अनुशंषा पर दो विकास कार्यों के लिए 4 लाख 76 हजार 128 रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।
जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा ने बताया कि ग्राम पीसांगन में भैरूजी के स्थान के पास खुला तिबारा निर्माण के लिए 4 लाख रूपए तथा नूरानी कॉलोनी गोविंदगढ़ में लाईन शिफ्टिंग कार्य के लिए 76 हजार 128 रूपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है।

पीसीपीएनडीटी की बैठक स्थगित
अजमेर, 26 फरवरी। गर्भ धारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम के तहत गठित उपखण्ड स्तरीय सलाहकार समिति की 28 फरवरी को होने वाली बैठक अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दी गई है। चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक ने यह जानकारी दी।

उर्स मेला 2019
प्रबंध एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक बुधवार को
अजमेर, 26 फरवरी। उर्स मेला 2019 के अवसर पर प्रबंध एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में संभागीय आयुक्त श्री एल.एन.मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक 27 फरवरी बुधवार को अपरान्ह 3.30 बजे आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर ने यह जानकारी दी।

संभाग स्तरीय युवा सांस्कृतिक प्रतिभा खोज महोत्सव का आयोजन 2 को
अजमेर, 26 फरवरी। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाईड मण्डल मुख्यालय अजमेर के तत्वावधान में संभाग स्तरीय युवा सांस्कृतिक प्रतिभा खोज महोत्सव – 2019 का आयोजन आगामी 2 मार्च को सूचना केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। समारोह का उद्घाटन प्रातः 11 बजे तथा समापन सायं 5 बजे होगा।

उर्स मेले के लिए भवन अधिग्रहित
अजमेर, 26 फरवरी। उर्स 2019 के दौरान बाहर से आने वाले पुलिस अधिकारियों / जवानो/ सादा वर्दीधारी पुलिसकर्मियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दृष्टि से शहर के 27 भवनों को 5 मार्च से 17 मार्च तक के लिए अधिग्रहित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट श्री विश्व मोहन शर्मा ने यह जानकारी दी।

लोकायुक्त बुधवार को लेंगे बैठक
अजमेर, 26 फरवरी। राजस्थान के लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्री एस.एस.कोठारी बुधवार 27 फरवरी को अजमेर पहुंचेंगे तथा दोपहर 2 बजे सर्किट हाउस में सचिवालय में विचाराधीन प्रकरणों के संदर्भ में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक लेंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री एम.एल.नेहरा ने यह जानकारी दी।

जिला परिषद की साधारण सभा बैठक 27 को
अजमेर, 26 फरवरी। जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक जिला प्रमुख सुश्री वंदना नोगिया की अध्यक्षता में बुधवार 27 फरवरी को प्रातः 11 बजे जिला परिषद सभागार में आयोजित की जाएगी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने यह जानकारी दी।

error: Content is protected !!