अजमेर, 28 फरवरी। राजस्थान सरकार के 100 दिवसीय कार्य योजनान्तर्गत जिला उद्योग केन्द्र अजमेर के सहयोग से वैशाली नगर स्थित अरबन हाट में संभाग स्तरीय औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर का आयोजन किया गया। इसमें नव उद्यमियों को उद्यम स्थापना के लिए झिझक छोड़ने का आह्वान किया गया। उन्होंने उद्यम स्थापना की एबीसीडी सीखी।
जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री सी.बी.नवल ने कहा कि ईज ऑफ डूईंग बिजनेस के अन्तर्गत सरकार का उद्यम स्थापना तथा पुराने उद्यमों के सुदृढीकरण के लिए संकल्पबद्ध है। उद्यमों से संबंधित समस्त 16 विभागों के कार्य ऑनलाइन किए जा चुके है। इनकी कमी पूर्ति की ऑनलाइन भी की जा सकेगी। इससे कार्य निस्तारण में तेजी आएगी। ऑनलाइन चैक लिस्ट उपलब्ध होने से आवेदकों को आसानी रहती है।
उन्होंने कहा कि सरकार उद्यम हितैषी वातावरण का निर्माण कर रही है। इस क्रम में संभाग स्तरीय औद्योगिक प्रोत्साहन शिविर आयोजित कर इसमें उद्यमों की स्थापना, आधुनिकीकरण, विस्तार, डाईवर्जन तथा रूग्णता निरोधक गतिविधियों में आसानी रहेगी।
उद्यम विभाग के संयुक्त निदेशक श्री एस.एल पालीवाल ने कहा कि सरकार द्वारा नवीन निवेश से उद्यम स्थापना तथा स्थापित उद्यमों के सुदृढीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए अन्र्तविभागीय समन्वय समिति गठित की गई है।
बैंक ऑफ बडौदा के उप महाप्रबंधक श्री विमल कुमार नेगी ने नए उद्यमियों को उद्यम स्थापना की एबीसीडी सिखाई। ए से एप्रीवल के अन्तर्गत प्रबंधन, श्रम, आर्थिक, सामग्री की खरीद-बिक्री, वित्तीय एनालाईसिस तथा कम्पलाईंस प्रमाण पत्र आते है। बी के तहत बैंक का कार्य ऋण देना है। वह तभी ऋण देगा जब उसका चुकारा आसानी से किया जा सकेगा। सी के अन्तर्गत कोलेटरल सिक्यूरिटी आती है। दस लाख के मुद्रा ऋण के लिए किसी प्रकार की कोलेटरल सिक्यूरिटी की आवश्यकता नहीं है। दो करोड़ तक के उद्यमों के लिए क्रेडिट गारंटी ट्रस्ट फण्ड के माध्यम से केन्द्र सरकार प्रतिभूति प्रदान करती है। इसका उपयोग नहीं करने पर डेढ़ प्रतिशत ब्याज कम लगता है। डी डॉक्यूमेंट को प्रदर्शित करता है। इसमें लाइसेंस, प्रदूषण, प्रोपर्टी मोरगेज अनापत्ति प्रमाण पत्र आते है। बैंक स्टेटमेंट, जीएसटी रिटर्न तथा इंकमटेक्स रिटर्न के माध्यम से ऑनलाइन 59 मिनट में ऋण प्राप्त किया जा सकता है। समस्त कार्मिकों के प्रधानमंत्री बीमा योजना से लाभान्वित करें।
यूको बैंक के उप महाप्रबंधक श्री उमेश गर्ग ने कहा कि झिझक छोड़कर आगे बड़े। थोड़ा सा साहस करके उद्यम स्थापना करें। पूंजी की कोई कमी नहीं है। उद्यम स्थापना से उद्यमी के साथ साथ क्षेत्र का भी जीवन स्तर ऊंचा उठता है।
राजस्थान वित्त निगम के श्री जी.के.बारूपाल ने कहा कि निगम द्वारा 7.5 प्रतिशत की दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा सकता है। इसका लाभ 18 से 45 वर्ष के उद्यमी उठा सकते है। रिको के वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री अजय गुप्ता ने कहा कि रिको के द्वारा पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन कार्य किए जा रहे है। श्रम विभाग के संयुक्त श्रम आयुक्त श्री अनुपम गोड़ ने कहा कि श्रमिक कल्याण से जुड़े समस्त अधिनियमोेंं के लिए एक ही समेकित सिंगल रिटर्न फाईल होती है। यह फाईल ऑनलाइन भरी जाती है। उद्यमों की जांच संयुक्त विभागीय दल द्वारा की जाती है।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के सहायक आयुक्त श्री राकेश कुमार ने कहा कि 20 कार्मिकों तक सीपीएफओ में पंजीयन वैकल्पिक है। केन्द्र सरकार ने जीपीएफ एक्ट में आगामी तीन वर्ष तक एक अप्रेल 2016 के बाद नव नियुक्त कार्मिकों के लिए नियोक्ता का अंशदान प्रदान करने की सुविधा प्रदान की है। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से श्रमिकों को तीन हजार तक पेंशन भी मिलेगी। प्रोत्साहन शिविर में उद्यमियों ने नई निति के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। लघु उद्योग भारती नागौर के अध्यक्ष श्री भोजराज सारस्वत ने कृषि प्रसंस्करण उद्यम के लिए रॉ मटेरियल, हस्त औजार निर्यात, कोलेटरल सिक्यूरिटी में कृषि भूमि को भी शामिल करने के सुझाव प्रदान किए। मकराना के मार्बल हैण्डीक्राफ्ट एसोसिएसन के अध्यक्ष श्री गफूर चौहान ने ने कहा कि दस्तकार कलस्टरल का विकास होना चाहिए। प्रवीण कुमार सोनी ने कुन्दन कारीगर प्रोत्साहन कलस्टरल निर्माण के लिए कहा। मालपुरा के धीरज कुमार जैन ने कहा कि समस्त एमएसएमई को उद्यम का दर्जा मिले। अजमेर जिला लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री सुगन चंद गहलोत ने कहा कि रिको एरिया में सेचूरेशन एरिया 70 से बढ़ाकर 90 प्रतिशत किया जाए। रिको की विभिन्न एनओसी के लिए समय सीमा निर्धारित हो। प्रोत्साहन शिविर में 107 नए उद्यमियों के लगभग 76 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए। इसमें से लगभग 15 करोड़ की राशि के ऋण वितरित भी किए गए। अजमेर जिले के 55 व्यक्तियों को 52 करोड़, भीलवाड़ा जिले के 27 व्यक्तियों को 23 करोड़, टोंक के 14 व्यक्तियों को 72 लाख तथा नागौर के 11 व्यक्तियों को 55 लाख के ऋण स्वीकृत -वितरित हुए। राजस्थान वित्त निगम द्वारा शिविर के दौरान चार व्यक्तियों के लगभग 4 करोड़ 25 लाख के ऋण आवेदन पत्र प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक श्री बी.बी.खरबंदा, जिला अग्रणी प्रबंधक श्री एस.एस.रावत, संभाग के समस्त जिला उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जिला कलक्टर की नरवर में रात्रि चौपाल एक मार्च को
अजमेर, 28 फरवरी। श्रीनगर पंचायत समिति की नरवर ग्राम पंचायत में शुक्रवार एक मार्च को जिला कलक्टर श्री विश्व मोहन शर्मा की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन होगा। चौपाल में लोगों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही संंबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि रात्रि चौपाल में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराएंगे।