अजमेर। अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला परवान पर है। 5 दिन तक चलने वाला पंचतीर्थ स्नान शनिवार से शुरू हो गया। देवउठनी एकादशी के दिन हजारों लोगों ने सरोवर में डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की। अलसुबह से ही श्रद्धालुओं का सरोवर के घाटों पर जमावड़ा शुरू हो गया और जैसे-जैसे दिन बढ़ा वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। शास्त्रों के अनुसार ऐसा माना जाता है कि इन 5 दिने तक 33 करोड़ देवी देवता पुष्कर सरोवर में निवास करते हैं और इस अवधि में स्नान करने से लोगों को पापों से मुक्ति मिलती है।
एक और जहां साम्प्रदायिक सौहार्द का प्रतीक आध्यामिक यात्रा निकली, वहीं दूसरी और हजारों श्रद्धालुओं ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर अपने आपको धन्य महसूस किया। आध्यात्मिक यात्रा जगत पिता ब्रह्मा मंदिर से शुरू होकर पुष्कर के मुख्य बाजारों से होती हुई अजमेर बस स्टैंड पर संपन्न हुई। इस दौरान शिक्षा राज्यमंत्री नसीम अखतर इंसाफ और जिला कलेक्टर वैभव गालरिया ने विभिन्न धर्मों से जुड़े लोगों की अगवानी की। यात्रा में एक सेबढ़ कर एक झांकियां सजाई गई। आध्यात्मिक यात्रा में साधु संतों सहित सभी धर्मों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। यात्रा का जगह जगह पुष्प वर्षा और स्वागत द्वार बनाकर स्वागत किया गया।
अन्तर्राष्ट्रीय कार्तिक मेले के अन्तर्गत पुष्कर के मेला स्टेडियम में शनिवार को देशी और विदेशी के बीच कबड्डी मेच खेला गया। इसमें भारतीयों ने एक बार फिर महारथ सिद्ध करते हुए आसानी से जीत दर्ज की। विदेशी टीम ने जर्मनी, स्पेन, फ्रांस सहित अनेक देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया।
अन्तर्राष्ट्रीय पुष्कर मेले में मेला ग्राउंड पर हो रही विभिन्न प्रतियोगिताओं के दौरान शुक्रवार रात दुल्हन बनो प्रतियोगिता में विदेशी बालाओं ने भारतीय दुल्हन का श्रंगार कर सभी को अचंभित कर दिया। प्रतियोगिता में स्पेन की कारलोटा बेस्ट ऑफ इंडियन ब्राइड चुनी गई। प्रतियोगिता में दुनिया के 21 देशों से आई युवतियों ने भारतीय दुल्हन बनकर पुरुस्कार जीते। भारतीय दुल्हन प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर यूके की केरोलीन, तीसरे स्थान पर ब्राजिल की मुरेल रही, जो अपने साथ छोटा दूल्हा भी लेकर आई। इस अवसर पर सरकार के मुख्य सचेतक डॉ. रघु शर्मा, संभागीय आयुक्त किरण सोनी गुप्ता, कलेक्टर वैभव गालरिया, मेला मजिस्ट्रेट निशु अग्निहोत्री और पर्यटन विभाग के उपनिदेशक जी एस गंगवाल ने विजेता दुल्हनों को स्मृति चिन्ह और नगद राशि देकर पुरस्कृत किया।